Prayagraj News: प्रयागराज की डिविजनल कमिश्नर सौम्या अग्रवाल ने रविवार को बताया कि माघ मेले के पावन अवसर मौनी अमावस्या पर अब तक तीन करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने संगम में पवित्र स्नान किया है। उन्होंने कहा कि घाटों पर भीड़ लगातार बनी हुई है, लेकिन शहर में स्थिति सामान्य है। डिविजनल कमिश्नर ने कहा, "आज मौनी अमावस्या पर तीन करोड़ से ज्यादा श्रद्धालुओं ने पवित्र डुबकी लगाई है। घाटों पर लगातार भीड़ है और सब कुछ सामान्य है।" इससे पहले, मौनी अमावस्या के अवसर पर संगम घाट पर पहुंचे भक्तों पर फूलों की पंखुड़ियां बरसाई गईं। माघ मेले के दौरान हेलीकॉप्टर से भी श्रद्धालुओं पर फूलों की वर्षा की गई।
प्रयागराज में मौनी अमावस्या 2026 के मौके पर उमड़ा भक्तों का सैलाब! (फोटो: ANI)
घना कोहरे के बीच श्रद्धालुओं का उत्साह
प्रयागराज के जिला मजिस्ट्रेट मनीष कुमार वर्मा ने बताया कि पवित्र स्नान की रस्म रात 12 बजे शुरू हुई। उन्होंने कहा कि रातभर घना कोहरा रहने के बावजूद श्रद्धालु बड़ी संख्या में पहुंचते रहे और सुबह से ही तीर्थयात्रियों का आवागमन लगातार बना हुआ है। जिला मजिस्ट्रेट के अनुसार, दोपहर 12 बजे तक करीब तीन करोड़ श्रद्धालुओं ने पवित्र स्नान किया। उन्होंने यह भी बताया कि मेला संगठित तरीके से चल रहा है और सुरक्षा के लिए पुलिस, जल पुलिस, SGRF और NDRF की टीमें सभी क्षेत्रों में तैनात हैं।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने क्या कहा?
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मौनी अमावस्या के पावन अवसर पर श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं। अपने एक्स पोस्ट में उन्होंने कहा कि संगम में पवित्र स्नान के लिए आए सभी श्रद्धालुओं, अखाड़ों, संतों और साधकों का हार्दिक स्वागत है। उन्होंने सभी के जीवन में नई ऊर्जा, उत्साह और संकल्प जागृत होने की कामना की और कहा, "मां गंगा और भगवान सूर्य की कृपा से सभी की मनोकामनाएं पूरी हों। हर हर गंगे!"
