Jalna ₹51 Saree Offer News: होली का त्योहार करीब है। इसी के बीच महाराष्ट्र के जालना शहर के पुराना मोंढा क्षेत्र में एक कपड़ा व्यापारी द्वारा घोषित खास साड़ी ऑफर के चलते अचानक भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, व्यापारी ने घोषणा की थी कि पहली 51 महिलाओं को मात्र 51 रुपये में साड़ी दी जाएगी। जैसे ही यह खबर शहर में फैली, बड़ी संख्या में महिलाएं दुकान के बाहर पहुंच गईं।
जालना में साड़ी ऑफर से हंगामा
सड़कों पर यातायात बाधित
बताया जा रहा है कि, देखते ही देखते दुकान के सामने लंबी कतारें लग गईं और हालात अव्यवस्थित हो गए। भीड़ इतनी बढ़ गई कि आसपास की सड़कों पर यातायात बाधित हो गया और कुछ समय के लिए जाम की स्थिति पैदा हो गई। पर्याप्त सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण की व्यवस्था न होने से स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
प्रशासन को सूचित करने सलाह
ऐसे में, स्थिति बिगड़ती देख स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सदर बाजार पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और हालात पर काबू पाया। जांच में सामने आया कि ऑफर शुरू करने से पहले किसी तरह की प्रशासनिक अनुमति या सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए थे। पुलिस अधिकारियों ने संबंधित दुकानदार को भविष्य में ऐसी योजनाएं लागू करने से पहले प्रशासन को सूचित करने और जरूरी सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने की सख्त हिदायत दी।
प्रशासन ने की नागरिकों से अपील
बताया गया है कि, इसके बाद दुकानदार ने यह ऑफर तत्काल प्रभाव से वापस लेने का भरोसा दिया। पुलिस की कार्रवाई के बाद धीरे-धीरे भीड़ छंट गई और यातायात व्यवस्था सामान्य हो गई। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि इस तरह के आकर्षक ऑफर के दौरान शांति और अनुशासन बनाए रखें। साथ ही स्पष्ट किया गया है कि आगे से ऐसी किसी भी योजना के लिए पूर्व अनुमति और पर्याप्त सुरक्षा प्रबंध अनिवार्य होंगे।
