पुष्कर : राजस्थान का सांस्कृतिक शहर पुष्कर दुनियाभर के पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र माना जाता है। यहां आने वाले विदेशी पर्यटक न केवल आध्यात्मिक अनुभव के लिए आते हैं, बल्कि अपनी यात्रा को यादगार बनाने के लिए टैटू भी बनवाते हैं। खासकर, यूथ के बीच को इसका क्रेज काफी ज्यादा है। अधिकतक लोग अपने पसंदीदा लोगों के नाम का फोटो का टैटू बनवा रहे हैं। विभिन्न शहरों में अलग-अलग टैटू आर्टिस्ट काम कर रहे हैं, पुष्कर के टैटू आर्टिस्ट जिमी कल्याणा विदेशी पर्यटकों के बीच खासे लोकप्रिय हैं।
इन देशों के लोग भारतीय टैटू आर्ट को करते हैं पसंद
जिमी कल्याणा पिछले कई वर्षों से टैटू आर्ट के क्षेत्र में काम कर रहे हैं और अपने कस्टम हैंड-ड्रॉन डिजाइनों के लिए जाने जाते हैं। खास बात यह है कि उनके पास आने वाले ग्राहकों में बड़ी संख्या इज़राइल से आने वाले पर्यटकों की होती है। इज़राइल समेत यूरोप और अन्य देशों से आने वाले कई ट्रैवलर्स अपनी भारत यात्रा की याद के तौर पर जिमी कल्याणा से टैटू बनवाना पसंद करते हैं। उनके बनाए गए टैटू में अक्सर आध्यात्मिक और कलात्मक तत्व देखने को मिलते हैं, जिनमें काली, मंडला और फ्लोरल स्टाइल जैसे डिजाइनों की काफी मांग रहती है।
भारतीय संस्कृति की कृतियां की जा रहीं पसंद
पुष्कर में ट्रैवल करने वाले कई विदेशी पर्यटक भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिकता से काफी प्रभावित होते हैं। ऐसे में वे अपने अनुभव को एक स्थायी याद के रूप में टैटू के जरिए संजोना चाहते हैं। जिमी कल्याणा के अनुसार, विदेशी यात्रियों को खास तौर पर ऐसे टैटू पसंद आते हैं जिनमें भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक प्रतीकों की झलक हो। कल्याणा का नाम पुष्कर आने वाले देश-विदेश के पर्यटकों के बीच तेजी से पहचाना जाने लगा है। पुष्कर जैसे छोटे शहर से निकलकर अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों के बीच पहचान बनाना जिमी कल्याणा के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।
