शहर

छत्तीसगढ़ में दर्दनाक सड़क हादसा; ट्रक-कार की भीषण टक्कर में चार जिंदगियां खत्म, एक की हालत नाजुक

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में देर रात एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। सकरी थाना क्षेत्र में ट्रक और कार की आमने-सामने टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया और मामले की जांच जारी है।

Image

बिलासपुर में दर्दनाक सड़क हादसा

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Bilaspur Road Accident: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में हुए एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की जान चली गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। इस घटना की जानकारी शुक्रवार को पुलिस अधिकारियों ने दी। पुलिस के अनुसार, यह दुर्घटना गुरुवार देर रात सकरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत सम्बलपुरी गांव के पास हुई, जहां एक ट्रक और कार के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे के समय कार में सवार छत्रपाल रात्रे (37 वर्ष), विशाल लहरे (25 वर्ष), अनमोल लहरे (14 वर्ष) और सोनू मिरी (28 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, प्रकाश रात्रे इस दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

भीषण टक्कर से हुई लोगों की मौत

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मुंगेली और बिलासपुर जिले के रहने वाले पांच लोग अपने एक रिश्तेदार की शादी की 25वीं सालगिरह के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के लिए सकरी थाना क्षेत्र स्थित यादव ढाबा पहुंचे थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद देर रात वे कार से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में एक ट्रक ने उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी। अधिकारियों ने बताया कि टक्कर इतनी भीषण थी कि कार में सवार चार लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और आगे की कार्रवाई शुरू की।

मामले की जांच जारी

अधिकारियों के मुताबिक, हादसा इतना भीषण था कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार मृतक तथा घायल अंदर ही फंस गए थे। राहत एवं बचाव दल ने गैस कटर की सहायता से वाहन के हिस्सों को काटकर शवों और घायल व्यक्ति को बाहर निकाला, जिसके बाद सभी को अस्पताल पहुंचाया गया। उन्होंने बताया कि गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को बिलासपुर स्थित छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। इस बीच पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया है। मामले में प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।

(इनपुट - भाषा)

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!