UP Road Accident: यूपी में आज कई बड़े रोड हादसे हुए हैं। इन हादसों में आगरा में तीन, महोबा और चंदौली में 4-4 लोगों की जान गई है। पहला हादसा महोबा जिले के श्रीनगर कोतवाली क्षेत्र में कानपुर-सागर राजमार्ग पर शुक्रवार तड़के तेज रफ्तार कार और एक ट्रक के बीच हुआ, जिसमें तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गयी और एक अन्य व्यक्ति ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि हादसा बड़ा नाला के पास उस समय हुआ, जब प्रयागराज से भोपाल (मध्य प्रदेश) लौट रहे चार श्रद्धालुओं को लेकर जा रही कार अनियंत्रित होकर ट्रक से जा टकराई। तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और एक महिला ने जिला अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान नरेश नागर (35), अवधेश नागर (35), भूरा गुर्जर (35) और पूजा नागर (23) के रूप में हुई है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। चालक को संभवत: नींद आ गई जिससे कार ट्रक से टकरा गई। उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है।
फाइल फोटो
चंदौली में एसयूवी-ट्रक की टक्कर
चंदौली जिले के नौगढ़ थाना क्षेत्र में एक एसयूवी और ट्रक की टक्कर में एक महिला और सात साल की बच्ची समेत चार लोगों की मौत हो गयी, जबकि पांच अन्य घायल हो गए। सीओ राजीव कुमार सिसौदिया ने घटना की पुष्टि की। सभी मृतक और घायल एसयूवी में सवार थे। मृतकों में सात साल की बच्ची भी थी। अन्य मृतक वयस्क हैं। उनकी सही उम्र और पहचान की पुष्टि की जा रही है। इसके अतिरिक्त, एसयूवी में सवार पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए और वर्तमान में नजदीकी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है। सीओ ने कहा कि यह टक्कर बृहस्पतिवार रात करीब 11 बजे हुई जब एसयूवी विपरीत दिशा से आ रहे एक ट्रक से टकरा गई। अधिकारी ने कहा, "शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और दुर्घटना के कारणों की जांच जारी है।
