छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में शुक्रवार को एक यात्री बस के अनियंत्रित होकर पलट जाने से उसमें सवार पांच लोगों की मौत हो गई और 20 अन्य लोग घायल हो गए। जशपुर जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक लाल उम्मेद सिंह ने ’भाषा’ को बताया कि जिले के तपकरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत गोड़ाअंबा गांव के पास एक यात्री बस अनियंत्रित होकर पलट गई। उन्होंने बताया कि इस दुर्घटना में पांच लोगों की मौत हो गई तथा 20 अन्य लोग घायल हो गए। वहीं एक अन्य बस हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई है।
सिंह ने बताया कि यह यात्री बस पड़ोसी राज्य झारखंड के कुरडेग से कुनकुरी के लिए रवाना हुई थी और गोड़ाअंबा गांव के पास यह अनियंत्रित होकर पलट गई। दुर्घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और बचाव दल घटनास्थल पर पहुंचे तथा शवों एवं घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है तथा मामले की जांच की जा रही है।
यात्री बस को ट्रक ने पीछे से मारी टक्कर
वहीं, छत्तीसगढ़ के ही बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में भी शुक्रवार को एक यात्री बस को ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी, जिससे चार लोगों की मौत हो गई। पुलिस अधिकारियों ने ’पीटीआई-भाषा’ को बताया कि जिले के सिमगा थाना क्षेत्र के अंतर्गत दरचुरा गांव के पास यह हादसा हुआ। उन्होंने बताया कि एक निजी यात्री बस आज रायपुर से बिलासपुर की ओर रवाना हुई थी। जब वह दरचुरा गांव के करीब थी तभी एक ट्रक ने बस को पीछे से टक्कर मार दी। इस घटना में चार लोगों की मौत हो गई। इस घटना में कुछ अन्य लोगों के घायल होने की भी सूचना है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस दल को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। घटना के संबंध में अधिक जानकारी ली जा रही है।
