शहर

एंजेल चकमा हत्याकांड पर त्रिपुरा CM ने उत्तराखंड CM से की बात, मिला दोषियों पर सख्त कार्रवाई का भरोसा

देहरादून में त्रिपुरा के एमबीए छात्र एंजेल चकमा की नस्लीय हमले में हुई मौत के बाद मामला राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर गरमा गया है। त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने घटना को बेहद दुखद और निंदनीय बताते हुए उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से बात की और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इस मामले में अब तक पांच आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।

Image

माणिक साहा ने पुष्कर धामी से फोन पर की बातचीत (फाइल फोटो | PTI)

Photo : PTI

Angel Chakma Murder: देहरादून में त्रिपुरा के छात्र एंजेल चकमा पर हुए नस्लीय हमले और उनकी मौत के मामले पर त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। मुख्यमंत्री ने इस घटना को बेहद दुखद और निंदनीय बताते हुए कहा कि दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

CM धामी ने दिया न्याय का भरोसा

मुख्यमंत्री साहा ने बताया कि उन्होंने इस मामले को लेकर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से फोन पर बात की है। बातचीत के दौरान उत्तराखंड के मुख्यमंत्री ने उन्हें जानकारी दी कि अब तक इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है, जिसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि इस मामले में केंद्र सरकार की ओर से भी सख्त निर्देश जारी किए गए हैं।

मुख्यमंत्री साहा ने कहा कि उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उन्हें भरोसा दिलाया है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और पीड़ित परिवार को पूरा न्याय मिलेगा। उन्होंने कहा कि कानून के तहत दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पीड़ित परिवार से मिलेंगे मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी और समीक्षा के बाद यह स्पष्ट हुआ है कि मृतक छात्र एंजेल चकमा त्रिपुरा की राजधानी अगरतला के निवासी थे। उन्होंने कहा कि यह घटना न सिर्फ परिवार बल्कि पूरे राज्य के लिए गहरा आघात है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वह स्वयं पीड़ित परिवार से मुलाकात करेंगे, हालात की जानकारी लेंगे और हरसंभव सहायता देने का भरोसा दिलाएंगे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है।

नस्लीय हमले में गई थी छात्र की जान

गौरतलब है कि देहरादून में त्रिपुरा से आए दो युवकों, 24 वर्षीय एमबीए छात्र एंजेल चकमा और माइकल चकमा पर कुछ लोगों ने नस्लीय टिप्पणी करते हुए हमला किया था। आरोप है कि हमलावर नशे की हालत में थे और नस्लीय गालियों के बाद चाकू से हमला किया गया। एंजेल चकमा करीब 17 दिनों तक अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझते रहे, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं, माइकल चकमा इस हमले में घायल हैं। इस मामले में उत्तराखंड पुलिस ने अब तक अविनाश नेगी, शौर्य राजपूत, सूरज खवास, आयुष बदोनी और सुमित नामक पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article