Ayodhya News: अयोध्या रेलवे स्टेशन पर बुधवार सुबह एक युवक अचानक ट्रेन की छत पर चढ़ गया। हाई वोल्टेज ओएचई बिजली तारों के बेहद करीब युवक को ट्रेन की छत पर दौड़ते देख यात्रियों में दहशत फैल गई। सूचना पर जीआरपी और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची और युवक को सुरक्षित नीचे उतारा गया। जिसके बाद उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। सुरक्षा को देखते हुए ट्रेन को कुछ समय के लिए रोकना भी पड़ा।
हाईटेंशन तारों के बीच ट्रेन की बोगी पर दौड़ता रहा युवक, मचा हड़कंप
हाईटेंशन तारों के बीच दौड़ता रहा युवक
जानकारी के अनुसार, यह घटना सुबह करीब 6:30 बजे की है, जब सियालदह-जम्मूतवी एक्सप्रेस अयोध्या रेलवे स्टेशन पर खड़ी थी। तभी प्लेटफॉर्म पर मौजूद एक युवक अचानक ट्रेन की एक बोगी के ऊपर पहुंच गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि युवक लगातार छत पर इधर से उधर घूमता रहा, जिससे हाई टेंशन तारों से उसके टकराने का गंभीर खतरा था। युवको को देख यात्रियों और रेलवे कर्मचारियों ने उसे आवाज लगाई और नीचे उतरने के लिए कहा, लेकिन युवक ने उनकी बात अनसुनी कर दी।
युवक को सुरक्षित उतारा गया
घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी और आरपीएफ की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तुरंत रेलवे कंट्रोल रूम से संपर्क किया गया और ओएचई लाइन की बिजली सप्लाई बंद करा दी गई। जिससे कोई अनहोनी घटना न हो। इसके बाद पुलिस और रेलवे कर्मचारियों के संयुक्त प्रयास से सावधानीपूर्वक युवक को सुरक्षित नीचे उतारा गया।
युवक से पूछताछ कर रही पुलिस
अधिकारियों की सतर्कता और सूझबूझ से एक बड़ा हादसा होने से टल गया। पुलिस ने तुरंत युवक को हिरासत में ले लिया और उससे पूछताछ शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, युवक अयोध्या के हनुमानगढ़ी इलाके के आसपास का रहने वाला है। उसकी मानसिक स्थिति और इस खतरनाक कदम के पीछे के कारणों की जांच की जा रही है।
इस घटना के कारण अयोध्या स्टेशन पर सियालदह-जम्मूतवी एक्सप्रेस कुछ देर तक रुकी रही, जिससे रेल संचालन पर भी असर पड़ा। बाद में हालात सामान्य होने के बाद ट्रेन को आगे के लिए रवाना कर दिया गया। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे किसी भी परिस्थिति में रेलवे परिसरों में जोखिम भरे काम न करें और सुरक्षा नियमों का जरूर पालन करें।
