फरीदाबाद नगर निगम में अतिक्रमण हटाने और अवैध निर्माणों को ध्वस्त करने का अभियान लगातार जारी है। बुधवार को NET-3 स्थित नेहरू कॉलोनी में यह तोड़फोड़ अभियान तेज कर दिया। गुरुग्राम-फरीदाबाद-नोएडा नमो भारत (RRTS) कॉरिडोर और प्रस्तावित एलिवेटेड रोड प्रोजेक्ट के निर्माण के लिए यह कार्रवाई की जा रही है। नगर निगम का यह अभियान पिछले चार दिनों से जारी है।
इलाके में तैनात रही भारी पुलिस फोर्स
बुधवार सुबह करीब 7 बजे नगर निगम की जेसीबी मशीनें नेहरू कॉलोनी पहुंचीं। जिसके बाद मकानों और दुकानों को हटाने का काम शुरू किया गया। इस दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। अधिकारियों के अनुसार इस प्रोजेक्ट के लिए करीब 50 फीट चौड़ाई तक की जमीन खाली कराई जा रही है।
अब तक 50 से अधिक अवैध निर्माण ध्वस्त
इस अभियान की शुरुआत 30 मई की देर रात एनआईटी-3 के मस्जिद चौक इलाके से हुई थी। निगम ने यहां करीब 700 गज क्षेत्र में बने एक मस्जिद ढांचे को ध्वस्त किया गया था। इसके अलावा लगभग 30 साल पुराने एक शिव मंदिर को भी हटाया गया था। अधिकारियों का दावा है कि इस अभियान के तहत अब तक 50 से अधिक अवैध निर्माण को हटाया जा चुका है।
घर खाली करने को मजबूर लोग
हालांकि इस कार्रवाई के चलते नेहरू कॉलोनी के कई परिवारों को अपना घर खाली करना पड़ा है। निगम द्वारा पहले ही इसका निर्देश दिया जा चुका है। जिसके बाद बड़ी संख्या में लोग अपना सामान सुरक्षित स्थानों पर ले जाने में जुटे हैं। वहीं जबकि कुछ परिवार पहले ही इलाके को छोड़कर जा चुके हैं। प्रशासन ने यहां बिजली और पानी के कनेक्शन भी काट दिए हैं, ताकि खाली कराने की प्रक्रिया में कोई रुकावट न आए।
नगर निगम आयुक्त धीरेन्द्र कुमार ने बताया कि यह कार्रवाई राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT) के आदेशों के अनुपालन में की जा रही है। निगम का कहना है कि RRTS कॉरिडोर और एलिवेटेड रोड प्रोजेक्ट पूरा होने के बाद फरीदाबाद, गुरुग्राम और नोएडा के बीच यातायात व्यवस्था बेहतर होगी। साथ ही लोगों को तेज, सुरक्षित और आधुनिक परिवहन सुविधा मिल सकेगी।
