शहर

बिहार को विकास की नई रफ्तार, खगड़िया से पूर्णिया का सफर होगा आसान, चार जिलों को जाम से मिलेगी राहत

Khagaria Purnia Highway: केंद्रीय मंत्रिमंडल ने बिहार में खगड़िया-पूर्णिया खंड को चार लेन राजमार्ग में विकसित करने की मंजूरी दी है। परियोजना के तहत पूर्णिया में नया बाईपास भी बनाया जाएगा।

Image

खगड़िया–पूर्णिया फोर-लेन परियोजना से सफर होगा तेज

Photo : iStock

Khagaria Purnia Highway: बिहार में सड़क संपर्क को बेहतर बनाने की दिशा में केंद्र सरकार ने एक महत्वपूर्ण फैसला लिया है। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने खगड़िया से पूर्णिया तक के महत्वपूर्ण सड़क मार्ग को चार लेन में विकसित करने की मंजूरी दे दी है। यह परियोजना राष्ट्रीय राजमार्ग-31 और राष्ट्रीय राजमार्ग-231 के हिस्से पर लागू होगी। इस योजना पर करीब 3,936 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे और इसे बीओटी (बिल्ड-ऑपरेट-ट्रांसफर) मॉडल के तहत विकसित किया जाएगा।

पीटीआई भाषा के मुताबिक यह सड़क बिहार (Bihar Road Project) के कई महत्वपूर्ण जिलों जैसे खगड़िया, भागलपुर, कटिहार और पूर्णिया को बेहतर तरीके से जोड़ने का काम करेगी। वर्तमान में इस मार्ग पर कई स्थानों पर सड़कें संकरी हैं, कुछ जगहों पर तीखे मोड़ हैं और शहरों के आसपास यातायात का दबाव भी काफी अधिक रहता है। सड़क के चौड़ीकरण के बाद इन समस्याओं में काफी कमी आने की उम्मीद है। परियोजना के तहत पूर्णिया शहर के लिए लगभग 6.7 किलोमीटर लंबा नया बाईपास भी बनाया जाएगा। इससे शहर के भीतर भारी वाहनों का दबाव कम होगा और लोगों को जाम की समस्या से राहत मिलेगी। साथ ही लंबी दूरी की यात्रा करने वाले लोगों को भी अधिक सुविधा मिलेगी।

बेहतर संपर्क व्यवस्था से व्यापार, उद्योग और निवेश को मिलेगा बढ़ावा

सरकार के अनुसार, सड़क के चार लेन बनने के बाद वाहनों की औसत गति बढ़ेगी और खगड़िया से पूर्णिया तक का सफर पहले की तुलना में काफी तेज हो जाएगा। अनुमान है कि यात्रा का समय घटकर लगभग दो घंटे रह जाएगा। पीटीआई भाषा के अनुसार इसके अलावा सड़क सुरक्षा में सुधार होगा, ईंधन की बचत होगी और वाहन संचालन की लागत भी कम होगी। यह परियोजना केवल सड़क निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि क्षेत्र के आर्थिक विकास में भी अहम भूमिका निभाएगी। बेहतर संपर्क व्यवस्था से व्यापार, उद्योग और निवेश को बढ़ावा मिलेगा।

माल ढुलाई और यात्रियों की आवाजाही होगी आसान

साथ ही यह मार्ग रेलवे स्टेशन, हवाई अड्डे, राष्ट्रीय राजमार्गों और राज्य राजमार्गों जैसे महत्वपूर्ण परिवहन केंद्रों से जुड़कर माल और यात्रियों की आवाजाही को और आसान बनाएगा। विशेषज्ञों का मानना है कि इस परियोजना के पूरा होने के बाद बिहार के पूर्वी हिस्से में विकास की गति तेज होगी और लोगों को बेहतर परिवहन सुविधाओं का लाभ मिलेगा। यह परियोजना राज्य की कनेक्टिविटी और आर्थिक प्रगति के लिए एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकती है।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article