West Bengal News: पश्चिम बंगाल से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। जहां राज्य के मंत्री क्षुदिराम टुडू के नाम पर कथित तौर पर फर्जी पहचान बनाकर कर्मचारी चयन आयोग (SSC) की भर्ती प्रक्रिया को प्रभावित करने की कोशिश की गई। इस मामले में बिधाननगर पुलिस ने जुल्फिकार अली नाम के आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने यह कार्रवाई SSC सचिव की शिकायत के बाद की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पश्चिम बंगाल CID ने इसकी जांच अपने हाथ में ले ली है।
सांकेतिक फोटो
SSC सचिव को भेजे गए थे WhatsApp मैसेज
अधिकारियों के मुताबिक, SSC सचिव ने बिधाननगर ईस्ट पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि उन्हें WhatsApp के जरिए कुछ संदेश भेजे गए थे, जिनका मकसद चल रही भर्ती प्रक्रिया को प्रभावित करना और उससे जुड़े निर्देश या संदेश पहुंचाना था। शनिवार को मीडिया को जानकारी देते हुए CID के महानिदेशक और पुलिस महानिरीक्षक नटराजन रमेश बाबू ने बताया कि SSC सचिव की लिखित शिकायत के आधार पर बिधाननगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। इसके बाद जुल्फिकार अली को गिरफ्तार किया गया।
CID ने संभाली मामले की जांच
CID प्रमुख ने बताया कि शनिवार को इस मामले की जांच CID ने अपने हाथ में ले ली। फिलहाल मामले की जांच जारी है। उन्होंने कहा कि जांच आगे बढ़ने के साथ मामले से जुड़ी अन्य जानकारियां साझा की जाएंगी।
झारखंड में भी परीक्षा में गड़बड़ी के मामले में हुई थी गिरफ्तारी
इससे पहले 15 सितंबर को झारखंड CID ने प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं से जुड़े दो अलग-अलग मामलों में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था। 14वीं झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) प्रारंभिक परीक्षा में कथित गड़बड़ी के मामले में CID ने रांची के रातू रोड इलाके से संजीत कुमार को पकड़ा था। अधिकारियों के मुताबिक, संजीत कुमार कथित तौर पर शिवांगन कोचिंग सेंटर चलाता था। उस पर एजेंट के रूप में काम करने और अभ्यर्थियों से परीक्षा पास कराने का वादा कर पैसे लेने का आरोप है।
