West Champaran News: बिहार के पश्चिमी चंपारण से एक किशोरी के साथ जबरन विवाह करने का मामला सामने आया है। यहां एक मुस्लिम युवक ने अपना नाम छुपाकर एक किशोरी को प्रेम जाल में फंसा और उससे जबरन शादी की। इसमें युवक के घर की महिलाओं ने उसका साथ दिया। जबरन शादी का ये पूरा मामला तब सामने आया जब मुस्लिम युवक किशोरी को नेपाल ले जा रहा था। सशस्त्र सीमा बल 47वीं बटालियन के जवानों ने युवक और किशोरी को रक्सौल बॉर्डर पर पकड़ा। पूछताछ में उन्हें इस पूरे मामले की जानकारी मिली।
धर्म छुपाकर किशोरी के साथ जबरन शादी
पूछताछ के दौरान पता लगा कि किशोरी पश्चिम चंपारण के नरकटियागंज क्षेत्र की रहने वाली है। किशोरी की उम्र 17 वर्ष है और वह कक्षा 8 की छात्रा है। धर्म छुपाकर शादी करने वाला आरोपी युवक मो. समीर आलम बेतिया नगर थाना क्षेत्र के किशुनबाग का निवासी है। इस मामले पर अधिक जानकारी देते हुए प्रभारी इंस्पेक्टर मनोज कुमार शर्मा ने बताया कि संदेह के आधार पर इन दोनों को गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ के दौरान लव जिहाद का शिकार हुई किशोरी ने पूरे मामले की जानकारी दी।
किशोरी ने बताया कि वह एक सहेली के घर शादी में गई थी। वहीं उसकी आरोपी युवक से मुलाकात हुई थी। किशोरी ने बताया कि युवक ने उससे दोस्ती करने की कोशिश की थी, लेकिन उसने ध्यान नहीं दिया। उसके बाद स्कूल जाने वाले रास्ते में अक्सर युवक उससे मिलने लगा। युवक ने अपना धर्म छुपाने के लिए किशोरी को केवल समीर नाम बताया। किशोरी ने आगे जानकारी देते हुए बताया कि उसके बाद युवक ने उस घर चलने के लिए कहा, लेकिन उसने मना कर दिया। कई बार मनाने और प्यार की दुहाई देने के बाद वह उसके घर चली गई। किसी को मालूम न हो पाए, इसलिए युवक ने उसकी साइकिल और स्कूल बैग को छुपा दिया और उससे शादी करने की कोशिश की।
युवक के परिवार की महिलाओं ने दिया साथ
किशोरी ने बताया कि जब उसने शादी करने से इनकार किया तो युवक की घर की अन्य महिलाओं ने उसे बहला-फुसला कर मंदिर में जबरन शादी करवा दी। इसके बाद युवक उसे लेकर किराए के घर में रहने लगा। किशोरी ने इस दौरान कई बार घर से भागने और परिवार से संपर्क करने की कोशिश की। लेकिन वह इसमें विफल रही। पकड़े जाने पर आरोपी ने उसे फटकार लगाई। किसी को मालूम न चले इसके लिए युवक किशोरी को लेकर नेपाल जा रहा था। तभी सशस्त्र सीमा बल के जवानों ने उसे पकड़ लिया।
पहले भी जा चुका है जेल
आरोपी के बैकग्राउंड का पता लगाने पर मालूम हुआ कि पहले भी एक किशोरी के अपहरण के मामले में जेल जा चुका है। 11 मई 2022 में उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के मांधाता थाना क्षेत्र की एक किशोरी का अपहरण किया था। जिसके चलते आरोपी जेल में बंद था। हाल ही में उसे जमानत मिली थी। इसके अलावा आरोपी के मोबाइल से अन्य हिंदू लड़कियों की आपत्तिजनक वीडियो और तस्वीरें भी मिली है। पुलिस ने बताया कि आरोपी पहले से शादीशुदा है और उसके एक बच्चा भी है।
