बिहार में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 15 IAS अधिकारियों का ट्रांसफर; देखें किसे कहां मिली तैनाती

बिहार में 15 आईएएस अधिकारियों का ट्रांसफर किया गया है, जिसमें दरभंगा प्रमंडल के आयुक्त हिमांशु कुमार राय को कोसी प्रमंडल के आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। पूर्णिया के जिला पदाधिकारी अंशुल कुमार को पूर्णिया प्रमंडल के आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।

पटना : बिहार सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग ने शुक्रवार को राज्य के प्रशासनिक ढांचे में बड़ा फेरबदल करते हुए भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के 15 अधिकारियों का तबादला किया और कई अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया। एक अधिसूचना में यह जानकारी दी गयी। विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, गन्ना उद्योग विभाग के अपर मुख्य सचिव के. सेंथिल कुमार को श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग का अपर मुख्य सचिव नियुक्त किया गया और उन्हें पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।

IAS Transfer 2026

(प्रतीकात्मक फोटो)

अधिसूचना में बताया गया कि इसके साथ ही एच. आर. श्रीनिवास को पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त कर दिया गया। अधिसूचना के अनुसार, कोसी प्रमंडल के आयुक्त राजेश कुमार को लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (पीएचईडी) में प्रधान सचिव बनाया गया है। वहीं पथ निर्माण विभाग का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे पंकज कुमार पाल को विभाग का पूर्णकालिक सचिव नियुक्त किया गया है। राज्य सरकार ने कई प्रमंडलों में आयुक्तों के स्तर पर भी फेरबदल किया। अधिसूचना के अनुसार, मुंगेर प्रमंडल के आयुक्त प्रेम सिंह मीणा को भागलपुर प्रमंडल का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।

End of Feed