शहर

RG कर मामले में सुवेंदु सरकार का बड़ा एक्शन, कोलकाता के पूर्व CP सहित तीन अधिकारी निलंबित; विभागीय जांच भी शुरू

RG Kar Case: पश्चिम बंगाल की सुवेंदु अधिकारी सरकार ने शुक्रवार को आरजी कर मामले में बड़ी कार्रवाई की। सुवेंदु सरकार ने कोलकाता के पूर्व पुलिस कमिश्नर विनीत कुमार गोयल सहित तीन पुलिस अधिकारियों को निलंबित कर दिया है।

Image

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी

Photo : ANI

RG Kar Case: पश्चिम बंगाल की सुवेंदु अधिकारी सरकार ने शुक्रवार को आरजी कर मामले में बड़ी कार्रवाई की। मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने बताया कि कोलकाता के पूर्व पुलिस कमिश्नर विनीत कुमार गोयल सहित कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के खिलाफ विभागीय जांच शुरू की गई है।

कई अधिकारी निलंबित

हावड़ा में मीडिया से बातचीत में सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि मामले की जांच में गंभीर स्तर पर गड़बड़ी हुई। उन्होंने कहा कि पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए कई वरिष्ठ अधिकारियों को निलंबित किया गया है।

सुवेंदु अधिकारी ने कहा, ''आरजी कर मामले में कोलकाता के पूर्व पुलिस कमिश्नर विनीत कुमार गोयल और अन्य अधिकारियों के खिलाफ जांच शुरू की गई है। उन पर मामले को गलत तरीके से संभालने के आरोप हैं। साथ ही यह भी आरोप है कि दो अधिकारियों ने अभया परिवार को पैसे देने की कोशिश की थी।''

किस-किस को किया गया निलंबित

मुख्यमंत्री ने बताया कि मामले से जुड़े उस समय के सभी अधिकारियों को फिलहाल निलंबित कर दिया गया है। उन्होंने कहा, ''पारदर्शिता बनाए रखना बेहद जरूरी है। विनीत गोयल, इंदिरा मुखर्जी और अभिषेक गुप्ता को निलंबित किया गया है।''

CID को सौंपेंगे जांच

सुवेंदु अधिकारी ने यह भी कहा कि मामले की आगे की जांच पश्चिम बंगाल पुलिस और सीआईडी को सौंपी जाएगी। सनद रहे कि आरजी कर मेडिकल कॉलेज बलात्कार और मर्डर केस 9 अगस्त 2024 को सामने आया था, जब कॉलेज परिसर के एक सेमिनार रूम में 31 वर्षीय महिला पीजी ट्रेनी डॉक्टर मृत पाई गईं थीं। इस घटना को लेकर देशभर में विरोध प्रदर्शन हुए थे और पीड़िता को न्याय दिलाने की लगातार मांग उठती रही है।

वहीं, आरजी कर मामले में पुलिस अधिकारियों के खिलाफ हुई कार्रवाई को लेकर सुवेंदु सरकार में मंत्री अग्निमित्रा पॉल की प्रतिक्रिया सामने आई। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी और मुख्यमंत्री पहले ही दिन से कह रहे हैं कि निजी फायदों के लिए बंद किए गए ऐसे केस जिनमें न्याय नहीं मिला था। हम उन सभी मामलों को फिर से खोलेंगे।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article