Pali High Tension Wire Incident: राजस्थान के पाली जिले के नाना थाना क्षेत्र के भीमाना डागफली गांव में एक गंभीर हादसा हुआ। यहां हाईटेंशन विद्युत लाइन का तार टूट गया, जिससे करंट की चपेट में आने से एक पशुपालक की 57 भेड़-बकरियों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, उसके परिवार के चार सदस्य पास ही मौजूद थे, जिन्होंने समय रहते भागकर अपनी जान बचाई। यह घटना रात करीब 2 बजे के बाद हुई।
पाली में हाईटेंशन तार गिरने से बड़ा हादसा (प्रतीकात्मक फोटो)
जानकारी के अनुसार, भीमाना डागफली के खेत मालिक जोताराम, पुत्र देवाराम गरासिया के खेत में पिछले दो दिन से पशुपालक हमीराराम, पुत्र बाबाराम देवासी निवासी वीरमपुरा भागल (वर्तमान में गोरधनपुरा) अपने परिवार के साथ भेड़-बकरियां चराने के लिए ठहरे हुए थे। देर रात जब भेड़-बकरियां खेत में थीं, तभी ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन विद्युत लाइन का तार अचानक टूटकर जमीन पर गिर गया। चूंकि खेत की मिट्टी गीली थी, करंट फैल गया और 11 भेड़ तथा 46 छोटी-बड़ी बकरियां करंट की चपेट में आ गईं, जिससे कुल 57 पशुओं की मौके पर ही मौत हो गई।
परिवार ने भागकर बचाई जान
जानकारी के मुताबिक, हादसे के समय पशुपालक हमीराराम पत्नी और दो बेटों समेत पास ही मौजूद थे। तार टूटते ही फैलते करंट से बचने के लिए सभी ने तुरंत दौड़ लगाई और सुरक्षित दूरी पर चले गए, जिससे उनकी जान बच गई। घटना की जानकारी प्रशासनिक प्रतिनिधि दीपाराम गरासिया को मिलते ही उन्होंने तुरंत विद्युत निगम को सूचित किया। इसके बाद कनिष्ठ अभियंता (जेई) शुभम शर्मा और लाइनमैन करण सिंह गुर्जर ने तुरंत विद्युत आपूर्ति बंद करवाई और पुलिस को भी घटना की सूचना दी।
परिवार में शोक की लहर
सूचना मिलने के बाद नाना थाना के अधिकारी रतन सिंह देवड़ा, हेड कांस्टेबल हीर सिंह चौहान और कांस्टेबल कमलेश कुमार मय जाब्ता तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने मृत भेड़-बकरियों को अपने कब्जे में लिया और पशुपालन विभाग की चिकित्सा टीम को सूचित किया, ताकि समय रहते पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जा सके। हादसे में बड़ी संख्या में भेड़-बकरियों की मौत होने के कारण पशुपालक परिवार अत्यंत दुःखी हो गया। मौके पर मौजूद ग्रामीणों, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने परिवार को सांत्वना दी और उनका हौसला बढ़ाया।
