शहर

Ghazipur News: विनीत राय हत्याकांड में बड़ा एक्शन, एक लाख का इनामी कमलेश चौधरी पुलिस मुठभेड़ में ढेर

गाजीपुर के चर्चित विनीत राय हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले के मुख्य आरोपी और एक लाख रुपये के इनामी कमलेश चौधरी की पुलिस मुठभेड़ में मौत हो गई। इस कार्रवाई के बाद हत्याकांड से जुड़े अन्य फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।

Image

गाजीपुर में पुलिस की बड़ी कार्रवाई (प्रतिकात्मक फोटो)

Photo : iStock

Ghazipur Police Encounter: यूपी के गाजीपुर के चर्चित विनीत राय हत्याकांड में फरार चल रहे आरोपी कमलेश चौधरी का पुलिस के साथ मुठभेड़ हो गई। जानकारी के मुताबिक, कुर्था क्षेत्र स्थित पहाड़ी बाबा आश्रम के पास हुई इस कार्रवाई के दौरान कमलेश चौधरी पुलिस की जवाबी फायरिंग में ढेर हो गया। मुठभेड़ के दौरान स्वाट टीम के प्रभारी भी घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। घटना के बाद पुलिस और अन्य एजेंसियां आगे की कानूनी प्रक्रिया में जुटी हुई हैं।

बता दें कि होटल कारोबारी आलोक राय के पुत्र विनीत राय की शुक्रवार को अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पुलिस ने मामले में शामिल चार आरोपियों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। बाद में जांच की जिम्मेदारी उत्तर प्रदेश एसटीएफ को भी सौंपी गई थी। पुलिस सूत्रों के अनुसार, कमलेश चौधरी इस हत्याकांड का मुख्य आरोपी माना जा रहा था और उस पर कुल एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था। उसकी तलाश में पुलिस और एसटीएफ लगातार अभियान चला रही थीं। आखिरकार बुधवार को हुई मुठभेड़ में वह पुलिस कार्रवाई का शिकार हो गया।

आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग

पूरे मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच में उत्तर प्रदेश एसटीएफ को भी शामिल किया गया था। बेटे की हत्या से आक्रोशित बिंदु होटल के संचालक आलोक राय ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए चेतावनी दी थी कि यदि दोषियों का एनकाउंटर नहीं हुआ तो वह अपने परिवार के साथ आत्मदाह करने को मजबूर होंगे। इसी बीच सोमवार शाम वाराणसी जोन के एडीजी पियूष मोर्डिया और डीआईजी वैभव कृष्ण ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें निष्पक्ष जांच और न्याय दिलाने का आश्वासन दिया था।

विनीत राय की गोली मारकर हत्या

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 11 बजे अष्टभुजी कॉलोनी निवासी और होटल व्यवसायी आलोक राय उर्फ ब्लू राय के पुत्र विनीत राय की उनके होटल के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। बताया जाता है कि विनीत होटल में भोजन करने के बाद अपने घर जाने के लिए निकले थे। इसी दौरान बाइक सवार चार बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।

सुरक्षा गार्ड ने किसी तरह बचाई जान

घटना के प्रत्यक्षदर्शी और होटल के सुरक्षा गार्ड शंभू यादव ने बताया कि वारदात से पहले आरोपी होटल के मुख्य गेट पर खड़े होकर बीयर मांग रहे थे। प्रथम दृष्टया ऐसा लग रहा था कि वे ग्राहक हैं, लेकिन उनका असली किसी बड़ी वारदात को अंजाम देना था। शंभू के अनुसार, जब वह बीयर लाने के लिए होटल के अंदर गया, तब आरोपी बाहर ही घूमते रहे। जैसे ही विनीत राय होटल से बाहर निकले, हमलावरों ने उन पर लगातार चार गोलियां दाग दीं। गंभीर रूप से घायल विनीत को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं, हमलावरों ने शंभू यादव पर भी गोली चलाई थी, लेकिन वह होटल के अंजर भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहे।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article