शहर

Maharashtra Weather: महाराष्ट्र में मौसम ने मारी पलटी; भीषण गर्मी के बीच 6 दिनों तक भारी आंधी-बारिश! किसानों-मछुआरों के लिए आई गाइडलाइन

महाराष्ट्र में भीषण गर्मी के बीच मौसम ने पलटी मारी है। राज्य में अगले 6 दिनों के लिए आंधी-बारिश और ओले गिरने का अलर्ट जारी किया गया है। विदर्भ, मराठवाड़ा और उत्तर महाराष्ट्र में बिजली गिरने की भी संभावना है। जानते हैं महाराष्ट्र के मौसम का हाल।

Image

महाराष्ट्र में अगले 6 दिनों के लिए आंधी-बारिश का अलर्ट

Photo : Times Now Digital

Maharashtra Weather Alert: महाराष्ट्र में तपती गर्मी और 40 डिग्री के पार जाते पारे के बीच मौसम विभाग (IMD) ने एक बड़ी चेतावनी जारी की है। राज्य के कई हिस्सों में अगले 6 दिनों तक आंधी-तूफान, बिजली कड़कने और बेमौसम बारिश का साया मंडरा रहा है। उत्तर भारत में सक्रिय हुए 'पश्चिमी विक्षोभ' और स्थानीय मौसमी बदलावों के चलते महाराष्ट्र के खानदेश, मराठवाड़ा और विदर्भ में 'येलो अलर्ट' जारी किया गया है।

30 मार्च से 4 अप्रैल: कैसा रहेगा मौसम का हाल?

मौसम विभाग के अनुसार, महाराष्ट्र के आसमान में आंशिक रूप से बादल छाने शुरू हो गए हैं। विशेष रूप से दक्षिण महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, मध्य महाराष्ट्र और विदर्भ के कुछ हिस्सों में दोपहर के बाद मौसम अचानक करवट ले सकता है। 30 मार्च को खानदेश (उत्तर महाराष्ट्र), मराठवाड़ा, पश्चिम विदर्भ और मध्य महाराष्ट्र में तेज हवाओं के साथ बारिश और ओले गिरने की संभावना है। वहीं, 31 मार्च से 4 अप्रैल तक राज्य के कई इलाकों में रुक-रुक कर गरज-चमक और बिजली गिरने (Lightening) की घटनाएं हो सकती हैं।

40 डिग्री के पार पहुंचा पारा

पिछले कुछ दिनों से महाराष्ट्र के कई शहर भट्टी की तरह तप रहे हैं। भुसावल, चालीसगांव, जलगांव, मनमाड और मध्य प्रदेश की सीमा से लगे विदर्भ के जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार दर्ज किया गया है। बेमौसम बारिश से भले ही तापमान में थोड़ी गिरावट आए, लेकिन उमस (Humidity) बढ़ने से लोगों की परेशानी बढ़ सकती है।

किसानों और मछुआरों के लिए विशेष सलाह

कृषि विभाग और महाराष्ट्र सरकार ने इस बदलते मौसम को देखते हुए 'एग्री-एडवाइजरी' जारी की है। जिन किसानों ने फसल की कटाई कर ली है, वे अनाज को सुरक्षित स्थानों पर रखें या प्लास्टिक तिरपाल से ढक दें ताकि बारिश और ओलों से नुकसान न हो। समंदर में तेज हवाएं चलने की संभावना को देखते हुए मछुआरों को गहरे पानी से दूर रहने और तटों पर सावधानी बरतने को कहा गया है। मौसम विभाग ने भी बिजली कड़कने के दौरान सावधानी बरतने को कहा है और पेड़ों के नीचे या खुले मैदानों में ना रुकने के निर्देश दिए हैं।

atul. Singh
अतुल सिंहauthor

मैं अतुल सिंह,मैं 14 वर्षों से अधिक समय से टीवी पत्रकारिता में विभिन्न क्षेत्रों को खबरों को कवर करने वाला अनुभवी पत्रकार हूं। वर्तमान में Times Now नवभारत के लिए principal correspondent हूं। मैंने इंडिया टीवी, ज़ी न्यूज़,IBN 7 (न्यूज़ 18),Lemon न्यूज़ जैसे प्रमुख मीडिया संगठनों के साथ भी काम किया है। मनोरंजन,नागरिक मुद्दे ,इंफ्रा,राजनीति,आम और विधानसभा चुनाव और अपराध जैसे विषयों को बखूबी कवर किया है। वर्तमान में मुम्बई ब्यूरो से जुड़ा हुआ हूं। कई राष्ट्रीय मुद्दों से जुड़े कई विशेष खबरें भी कवर किया है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!