शहर

Maharashtra Weather: मुंबई में सुबह 5 बजे से कड़कड़ाती बिजली के साथ भारी बारिश; विदर्भ के 11 जिलों में ऑरेंज अलर्ट, जानें आपके शहर का हाल

Maharashtra Weather Update 31 May: महाराष्ट्र में प्री-मानसून बारिश ने दस्तक दे दी है। मुंबई और उसके पश्चिमी उपनगरों में रविवार सुबह 5 बजे से भारी बारिश जारी है। मौसम विभाग ने विदर्भ के 11 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए बारिश-आंधी चेतावनी दी है।

Image

महाराष्ट्र में आज झमाझम बारिश

Photo : Times Now Digital

Maharashtra Weather Update: मुंबई और उसके आसपास के उपनगरों में रविवार तड़के मौसम ने अचानक करवट ली। पिछले कई दिनों से 45 डिग्री तक की असहनीय गर्मी और उमस से बेहाल मुंबईवासियों को सुबह की बारिश ने बड़ी राहत दी है। आसमान में घने कोहरे और बादलों की आवाजाही के साथ वातावरण पूरी तरह ठंडा हो गया है. हालांकि, इस अचानक बदले मौसम और कड़कड़ाती बिजली ने सुबह-सुबह घरों से निकले कामकाजी लोगों में थोड़ी दहशत भी पैदा कर दी।

मुंबई के पश्चिमी उपनगरों में मूसलाधार आफत (Mumbai Rain Alert Weather Today)

मुंबई के पश्चिमी उपनगरों में सुबह 5 बजे से ही रुक रुक कर बादलों की तेज गड़गड़ाहट के साथ भारी बारिश का दौर जारी है। मुख्य रूप से अंधेरी, जोगेश्वरी, गोरेगांव, मलाड, विले पार्ले, बोरीवली और सांताक्रूज जैसे इलाकों में मूसलाधार बौछारें गिरी हैं। इसके अलावा नवी मुंबई और कल्याण के इलाकों में भी झमाझम बारिश दर्ज की गई है। मुंबई मौसम विज्ञान केंद्र (IMD) ने मुंबई और पालघर जिलों के लिए 'येलो अलर्ट' जारी किया है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बारिश की तीव्रता और ज्यादा बढ़ने की आशंका जताई गई है।

विदर्भ में सबसे ज्यादा खतरा: 11 जिलों में 'ऑरेंज अलर्ट' जारी (Vidarbha IMD Rain Alert Today)

मौसम विभाग के मुताबिक, विदर्भ क्षेत्र में मानसून पूर्व (प्री-मानसून) बारिश सबसे ज्यादा आक्रामक रूप दिखा सकती है। IMD ने विदर्भ के 11 जिलों, जिसमें अकोला, अमरावती, भंडारा, बुलढाणा, चंद्रपुर, गढ़चिरोली, गोंदिया, नागपुर, वर्धा, वाशिम और यवतमाल शामिल हैं, यहां के लिए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है। इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ 100 किमी/घंटे की तूफानी रफ्तार से हवाएं चलने और भारी बारिश की सख्त चेतावनी दी गई है। बुलढाणा और भंडारा जहां हाल ही में पारा 45 डिग्री पार था, वहां सुबह से ही तेज हवाओं के साथ जोरदार बारिश हो रही है, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ है। स्थानीय प्रशासन को भी पूरी तरह मुस्तैद रहने की सलाह दी गई है।

कोंकण में येलो अलर्ट (Konkan Rain Alert)

मौसम विभाग ने एक अनोखा विरोधाभास भी जारी किया है। कोंकण क्षेत्र के ठाणे, मुंबई, रायगढ़ और रत्नागिरी जिलों के लिए 'येलो हीट अलर्ट' (गर्म और उमस भरा मौसम) भी प्रभावी है, इसलिए दोपहर के समय लोगों को बिना वजह बाहर न निकलने की सलाह दी गई है। इसके साथ ही, मुंबई में रविवार से लगातार तीन दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। ठाणे में सोमवार और मंगलवार को गरज के साथ भारी बारिश हो सकती है, जबकि पालघर, रायगढ़ और रत्नागिरी में बुधवार तक मौसम खराब रहने और बिजली गिरने की आशंका के कारण 'येलो अलर्ट' जारी रहेगा।

मध्य महाराष्ट्र, उत्तर महाराष्ट्र और मराठवाड़ा का हाल (Nashik Pune Marathwada Weather Today)

उत्तर महाराष्ट्र के धुले, नंदुरबार, जलगांव और नासिक (घाट क्षेत्रों सहित) के लिए यलो अलर्ट जारी है। यहां बुधवार तक आंधी-तूफान के साथ भारी बारिश हो सकती है।

मराठवाड़ा के छत्रपति संभाजीनगर, जालना, बीड, हिंगोली, नांदेड़ और परभणी जिलों में गरज-चमक के साथ मध्यम वर्षा का पूर्वानुमान है।

पश्चिमी महाराष्ट्र के पुणे और अहिल्यानगर (अहमदनगर) में भारी बारिश और बिजली गिरने की आशंका है। वहीं सांगली और सोलापुर के लिए भी यलो अलर्ट जारी किया गया है, जिससे वहां के तापमान में गिरावट आएगी। वहीं कोल्हापुर, लातूर, सिंधुदुर्ग और धाराशिव में कोई आधिकारिक अलर्ट नहीं है, लेकिन यहां भी हल्की बूंदाबांदी की पूरी संभावना बनी हुई है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article