Maharashtra Weather Update: महाराष्ट्र में बेमौसम बारिश का दौर थमते ही अब सूरज के तेवर तीखे होने लगे हैं। मौसम विभाग (IMD) ने राज्य के विभिन्न हिस्सों के लिए 12 अप्रैल का विशेष पूर्वानुमान जारी किया है, जिसके अनुसार राज्य में अब भीषण गर्मी और उमस का नया दौर शुरू होने वाला है। कुछ जिलों में पारा 42 डिग्री सेल्सियस के पार जाने की संभावना है।
महाराष्ट्र के कई जिलों में चलेगी लू
विदर्भ में लू का खतरा बढ़ा (Vidarbha IMD Alert)
विदर्भ के कई इलाकों में सूरज की तपिश जानलेवा साबित हो सकती है। मौसम विभाग ने यहां कुछ जगहों पर लू (Heatwave) चलने की आशंका जताई है और 'येलो अलर्ट' जारी किया है। दोपहर के समय तापमान में तेजी से वृद्धि होगी, जिससे लू लगने का जोखिम बढ़ गया है। प्रशासन ने नागरिकों को दोपहर 12 से 4 बजे के बीच घर से बाहर न निकलने की सलाह दी है।
कोंकण और मुंबई में उमस भरी गर्मी (Konkan Mumbai Weather Today)
मुंबई सहित ठाणे, पालघर और रायगढ़ में आसमान साफ रहेगा, लेकिन तटीय क्षेत्रों में उच्च आर्द्रता (Humidity) के कारण गर्मी अधिक महसूस होगी। मुंबई में आज का अधिकतम तापमान 36°C और न्यूनतम तापमान 24°C रहने का अनुमान है। कोंकण इलाके की बात करें तो समुद्र के पास होने के कारण उमस अधिक रहेगी, जिससे पसीने वाली गर्मी लोगों को परेशान करेगी।
पुणे में 40 डिग्री तक पहुंचेगा पारा (Pune Weather Today in Hindi)
पुणे में रविवार को अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। पश्चिमी महाराष्ट्र और उत्तर महाराष्ट्र के जिलों में भी शुष्क मौसम के साथ तापमान में 2 से 3 डिग्री की और बढ़ोतरी हो सकती है। नासिक और जलगांव जैसे इलाकों में चिलचिलाती धूप का असर साफ दिखाई देगा।
मराठवाड़ा में आज बादल (Marathwada Weather Update)
मराठवाड़ा के कुछ जिलों में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है, लेकिन मौसम विभाग ने साफ किया है कि बारिश की कोई उम्मीद नहीं है। शुष्क हवाओं और तेज धूप के कारण यहाँ भी गर्मी का प्रकोप बढ़ेगा।
तापमान बढ़ने की मुख्य वजह (Maharashtra Weather Alert)
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, पूर्व से चलने वाली गर्म हवाओं और पश्चिमी मौसम में आए तीव्र बदलाव के कारण अगले 7 से 10 दिनों तक राज्य के तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। फिलहाल 14 अप्रैल तक पूरे राज्य में मौसम शुष्क बना रहेगा।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
