Dindori Accident News: मध्य प्रदेश के डिंडोरी जिले से एक हृदयविदारक खबर सामने आई है, जहां जबलपुर-अमरकंटक नेशनल हाईवे पर बीती रात एक भीषण सड़क हादसे ने पांच परिवारों की खुशियां छीन लीं। किकरातालाब गांव के पास एक बेकाबू ट्रक ने सड़क किनारे खड़े ग्रामीणों को बेरहमी से कुचल दिया, जिससे पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
टायर पंचर बना काल
जानकारी के अनुसार, यह दर्दनाक हादसा शनिवार-रविवार की दरमियानी रात करीब एक बजे हुआ। कुछ ग्रामीण एक पिकअप वाहन में सवार होकर अपने घर लौट रहे थे, तभी किकरातालाब के पास उनके वाहन का टायर अचानक पंचर हो गया। चालक वाहन खड़ा कर टायर बदलने लगा और पिकअप में सवार बाकी लोग नीचे उतरकर सड़क किनारे खड़े होकर इंतज़ार करने लगे।
इसी दौरान, जबलपुर की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने सड़क किनारे खड़े लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन चालक समेत पांच लोगों के शरीर क्षत-विक्षत हो गए और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद ट्रक चालक फरार
घटना को अंजाम देने के बाद ट्रक चालक अंधेरे का फायदा उठाकर वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। हादसे में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। घटना की सूचना मिलते ही डिंडोरी पुलिस अधीक्षक और प्रशासनिक अधिकारी दल-बल के साथ मौके पर पहुँचे और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
इलाके में पसरा सन्नाटा
प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय दुकानदार कृष्णकांत साहू के अनुसार, हादसा इतना भयावह था कि धमाके की आवाज़ सुनकर आसपास के लोग सिहर उठे। हाईवे पर चारों ओर चीख-पुकार मच गई थी। पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है और ट्रक को जब्त कर लिया गया है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
