Sehore Narmada River Drowning Incident: मध्य प्रदेश के सीहोर जिले में नर्मदा नदी में नहाते समय दो भाईयों की डूबने से मौत हो गई। पुलिस अधिकारी ने रविवार को इसकी पुष्टि की। बताया गया कि यह दुखद घटना शनिवार शाम नर्मदा तट के बाबरी घाट पर हुई।
सीहोर में नर्मदा नदी में दो भाई डूबे (सांकेतिक फोटो: Canva)
मिली जानकारी के मुताबिक बताया जा रहा है कि, आत्माराम यादव के पुत्र विकास यादव (16) और शुभम यादव (15), जो महगांव जदीद गांव के निवासी हैं, अपने ताऊ भीम यदुवंशी के साथ जिले के बाबरी गांव में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के बाद हरदा लौट रहे थे।
अधिकारी के अनुसार, बाबरी घाट पर नाव आने में देरी होने के कारण शुभम नदी में नहाने उतरा और अचानक गहरे पानी में डूब गया। अनुविभागीय पुलिस अधिकारी (एसडीओपी) रवि शर्मा ने पत्रकारों को बताया कि शुभम को बचाने के लिए उसका भाई विकास भी नदी में कूद गया, लेकिन पानी की गहराई अधिक होने के कारण दोनों डूब गए।
एसडीओपी बताया कि पास खड़े लोगों ने दोनों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। शर्मा ने यह भी बताया कि दोनों शवों का पोस्टमार्टम भेरूंदा स्थित सरकारी अस्पताल में कराया गया और उसके बाद रविवार को उन्हें उनके परिजनों को सौंप दिया गया। इस घटना में परिवार में मातम छा गया।
(इनपुट - भाषा)
