Moradabad Murder: मुरादाबाद के थाना छजलैट क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक घटना हुई। 12वीं में पढ़ने वाले एक युवक की उसी के दोस्त और परिजनों ने पीट-पीट कर हत्या कर दी। इस मौत से इलाके में हड़कंप मचा हुआ है। अजीब बात ये है कि ये हत्या मात्र तीन हजार रुपये के लिए हुई। आरोपियों ने उसे बांधकर टॉर्चर किया जिस दौरान 19 वर्षीय युवक की मौत हो गई। परिजनों ने शव को स्टेट हाइवे पर रखकर जाम लगा दिया है।
क्या है पूरा मामला
मुरादाबाद के थाना छजलैट क्षेत्र के कुचावली गांव में सोमवार की सुबह एक दिल दहलाने वाली घटना हुई। मात्र तीन हजार रुपयों के लिए 12वीं के एक छात्र को पीट कर मार डाला गया। मृतक की पहचान 19 वर्षीय निखिल उर्फ निक्की के तौर पर हुई है। मिली जानकारी के मुताबिक कुचावली निवासी यश ने निखिल से पांच हजार रुपये उधार लिए थे। यश ने पहले दो हजार रुपये ऑनलाइन लौटा दिए और बचे हुए तीन हजार रुपये देने के बहाने उसने निखिल को अपने घर बुलाया।
सोमवार को सुबह साढ़े नौ बजे के आसपास ठाकुरद्वारा के फरीदनगर निवासी अपने फुफेरे भाई ज्ञानेंद्र के साथ यश के घर पहुंचा। जहां यश और उसके कुछ परिजनों ने निखिल और ज्ञानेंद्र को बंधक बना लिया। जिसके बाद निखिल की बेरहमी से पिटाई की गई, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी घबराकर फरार हो गए।
पुलिस ने दर्ज कर लिया है मुकदमा
घटना की सूचना पर पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और युवक की बॉडी को बरामद करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। पुलिस आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पीड़ित परिवार ने आरोपी यश,अजित सिंह, अमित,प्रमोद,चंचल और 3 अज्ञात के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। निखिल थाना सिविल लाइन क्षेत्र के काजीपुरा का रहने वाला था।

रास्ता बंद करने से बाधित यातायात
परिजनों ने लगा रखा है जाम
एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह और सीओ अपेक्षा निम्बाड़िया फोरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मंगलवार दोपहर 12 बजे शव पोस्टमार्टम होने के बाद परिजन शव को घर लेकर जा रहे थे, तभी उन्होंने ग्रामीणों के साथ मिलकर मुरादाबाद-हरिद्वार स्टेट हाइवे पर निखिल की बॉडी रख कर जाम लगा दिया। जिसके बाद रास्ते पर काफी मात्रा में ट्रैफिक प्रभावित हुआ। सूचना पर कई थानों की पुलिस के साथ SP सिटी पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया। परिजन आरोपियों की गिरफ्तारी होने के बाद ही जाम खोलने की बात कह रहे हैं।
