Lucknow News: साल 2025 में प्रयागराज में महाकुंभ होना है। इसकी तैयारियों में योगी सरकार पूरी तरह से जुटी दिख रही है। योगी सरकार ने इसे लेकर एक बड़ा फैसला किया है। उत्तर प्रदेश रोडवेज विभाग (UPSRTC) ने श्रद्धालुओं को आने-जाने में परेशानी न हो इसके लिए महाकुंभ से पहले 5000 नई बसों को खरीदने का ऐलान किया है।
नई बसों की खरीद पर 2000 करोड़ रुपए खर्च करेगी योगी सरकार
इस कड़ी में मार्च 2023 तक विभाग 1575 बसों की खरीद करेगा। इनमें 1200 बसें फ्लीट में भी शामिल कर दी जाएंगी। इस बार के कुंभ में आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या 40 करोड़ के आसपास पहुंच सकती है। इसी के चलते श्रद्धालुओं को आने जाने में कोई परेशानी न हो इसलिए मुख्यमंत्री के निर्देश पर यूपी रोडवेज की ओर से तैयारियों को अमली जामा पहनाया जा रहा है।
अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस होंगी बसें
यूपी रोडवेज के एमडी संजय कुमार के अनुसार बसों की खरीद को लेकर विभाग ने जो लक्ष्य तय किया है, उसके अनुसार मार्च 2023 तक 1575 बसों की खरीद कर ली जाएगी। इसमें से 1200 बसें फ्लीट में शामिल हो जाएंगी। बाकी बसें अप्रैल-मई में फ्लीट में शामिल होंगी। इसके बाद 1 अप्रैल 2023 से मार्च 2024 के बीच यूपीएसआरटीसी अपने स्रोत से और कुछ शासकीय बजट के सहयोग से 2 हजार नई बसें खरीदेगा। इसके अलावा एक अप्रैल 2024 से लेकर दिसंबर 2024 तक यानी महाकुंभ से पहले 8 माह में शेष 1500 बसों को भी खरीद लिया जाएगा। ये बसें अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस होंगी। इनमें श्रद्धालुओं का सफर सुविधाजनक और आरामदेह होगा। 5000 बसों के लिए सरकार को 2 हजार करोड़ रुपए खर्च करने होंगे।
खस्ता हाल बसों को बेचेगा रोडवेज
यूपी रोडवेज पुरानी और खस्ता हाल हो चुकी बसों को भी बेचने की योजना बना रहा है। इसके लिए तैयारियां चल रही हैं। रोडवेज एमडी संजय कुमार के अनुसार विभाग तेजी से इस दिशा में काम कर रहा है कि उसकी फ्लीट में नई और अत्याधुनिक सुविधाओं वाली बसों की संख्या ज्यादा रहे। अभी फिलहाल रोडवेज की फ्लीट की एवरेज एज 7.6 वर्ष है। इसको किसी भी हाल में घटाकर 5 के नीचे लाने की योजना है। फ्लीट में जो बसें खस्ताहाल हो चुकी हैं, उन्हें योजनाबद्ध तरीके से रूट से हटाया जा रहा है।
लंबी दूरी के यात्रियों को मिलेगी राहत
परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप ही महाकुंभ से पहले नई बसों के क्रय की योजना बनाई गई है। मुख्यमंत्री के निर्देश के अनुसार ही योजनाबद्ध तरीके से नई बसों को फ्लीट में शामिल किया जा रहा है। 2000 के करीब बसों की खरीद हो चुकी है और जल्द ही ये बसें रूट पर दौड़ने लगेंगी। उन्होंने बताया कि महाकुंभ 2025 से पहले नई बसें खरीदने के लिए परिवहन निगम ने जो प्रस्ताव शासन को भेजा था, उसे सरकार ने गंभीरता से लेते हुए इस पर आगे बढ़ने के निर्देश दिए थे।
हर रूट पर 10 मिनट पर मिलेगी बस
इन नई बसों का उपयोग विशेष तौर पर लंबी दूरी से यात्रियों को महाकुंभ में लाने के लिए किया जाएगा। इससे बड़ी संख्या में महाकुंभ में आ रहे श्रद्धालुओं की यात्रा आसान होगी। यहां आने जाने के लिए प्रत्येक रूट पर हर 10 मिनट पर बस मिलेंगी। यह बसें यात्रियों को संगम नगरी तक लाने और वापस ले जाने का काम करेंगी।
