लखनऊ

यूपी सरकार का तोहफा, बेसहारा महिलाओं को मिलेगा आसरा, इन 10 जिलों में फ्री में मिलेगा घर

Shakti Sadan in UP: उत्तर प्रदेश सरकार घरेलू हिंसा से पीड़ित और आपदा वाली महिलाओं के पुनर्वासन के लिए शक्ति सदन का संचालन शुरू कर रही है। यूपी के 10 जिलों में शक्ति सदन का संचालन किया जाएगा। जिसमें 50 महिलाओं के रहने की व्यवस्था होगी।

Image

यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

Shakti Sadan in UP: उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार घरेलू हिंसा से पीड़ित और आपदा वाली महिलाओं के पुर्नवासन और मुख्य धारा में जोड़ने के लिए प्रदेश भर में शक्ति सदन का संचालन शुरू कर रही है। इसके लिए प्रदेश के 10 जिलों का चयन किया गया है, जिसमें विभिन्न श्रेणी के अंतर्गत पीड़ित बेटियों और महिलाओं को उनकी बुनियादी आवश्यकताओं की पूर्ति के साथ-साथ पुनर्वासन और उन्हें समाज की मुख्य धारा से जोड़ने जाने का भी काम होगा।

शक्ति सदन में रह सकेंगी 50 महिलाएं

भारत सरकार द्वारा वित्त पोषित मिशन शक्ति की उप योजना सामर्थ्य के अंतर्गत योगी सरकार इस शक्ति सदन का संचालन करेगी। पायलट प्रोजक्ट के तहत प्रदेश के 10 जिलों में शक्ति सदन के संचालन को स्वीकृति प्रदान कर दी गयी है और इसको लेकर आगे की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। शक्ति सदन में 50 महिलाओं के रहने की व्यवस्था होगी। इसके लिए आवासीय भवन का चयन किया जा रहा है। यह भवन ऐसे स्थान पर होगा, जहां से जिला मुख्यालय निकट हो और उस स्थान तक आवागमन की बेहतर सुविधा उपलब्ध हो।

इन 10 जिलों में होगा शक्ति सदन

महिला कल्याण विभाग प्रदेश के 10 जिले वाराणसी, अलीगढ़, आजमगढ़, कानपुर नगर, चित्रकूट, झांसी, गोण्डा, बस्ती, मिर्जापुर और सहारनपुर में शक्ति सदन के संचालन करेगी। शक्ति सदन के संचालन के लिए उपयुक्त आवासीय भवन की तलाश की जा रही है। इसके लिए भवन किराए पर लिया जाएगा। इसके लिए संबंधित जनपदों में 50 की स्वीकृत क्षमता वाले इन भवनों में महिलाओं और बेटियों के रहने की पूरी व्यवस्था होगी। शक्ति सदन में आश्रय, भोजन, कपड़े, प्राथमिक स्वास्थ्य देखभाल के साथ-साथ अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएगी। शक्ति सदन के सुचारू रूप से संचालन के लिए सेवा प्रदाता के माध्यम से 9 कर्मचारियों का जल्द चयन किया जाएगा।

(इनपुट - IANS)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article