लखनऊ

सड़क चलने के लिए है नमाज के लिए नहीं, वक्फ व्यक्तिगत स्वार्थ का अड्डा; जानें क्या-क्या बोले CM योगी आदित्यनाथ

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुल्डोजर एक्शन, सड़क पर नमाज पढ़ने, मुस्लिम समाज के भले के लिए वक्फ की भूमिका जैसे कई मुद्दों पर बात की। योगी आदित्यनाथ ने अपनी प्राथमिकताओं को लेकर भी बात की और बताया कि वह स्वयं को मुख्यमंत्री के तौर पर विशेष नहीं मानते।

Image

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

Photo : Twitter

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का कहना है कि देश में हर अच्छी चीज का विरोध होता है और इसी तरह से वक्फ बिल पर भी हल्ला हो रहा है। इसका लाभ मुस्लिम समाज को भी होगा। उन्होंने कहा, मैं हो-हल्ला करने वालों से पूछना चाहता हूं कि वक्फ ने कोई ऐसा काम किया हो, जिससे समाज का कल्याण हुआ हो। छोड़िए सर्व समाज, उनसे पूछिए मुस्लिम समाज का ही कल्याण हुआ हो। योगी ने कहा कि वक्फ व्यक्तिगत स्वार्थ का अड्डा बना हुआ है। चंद लोगों के लिए लूट खसोट के अड्डे बने हुए हैं। किसी भी सरकारी प्रॉपर्टी पर जबरन काबिज करने का एक माध्यम बना हुआ है। रिफॉर्म इस समय की मांग है। हर रिफॉर्म का विरोध होता है, लेकिन देश-काल और परिस्थिति के अनुसार हमें उन बदलाओं के लिए तैयार रहना चाहिए। मुझे लगता है कि इसका लाभ मुस्लिम समाज को भी होगा और उसके कारण कई बार जो कानून व्यवस्था की स्थिति खड़ी होती है, उससे भी लोगों को राहत मिलेगी।

न्यूज एजेंसी पीटीआई के साथ एक इंटरव्यू के दौरान योगी आदित्यनाथ ने एक प्रश्न के उत्तर में कहा कि मैं एक नागरिक के रूप में काम करता हूं। मैं अपने आप को विशेष नहीं मानता। एक नागरिक के तौर पर मैं अपनी संवैधानिक जिम्मेदारियां पूरी करता हूं।' मेरे लिए राष्ट्र हर चीज से ऊपर है।' उन्होंने कहा, यदि मेरा देश सुरक्षित है, तो मेरा 'धर्म' भी सुरक्षित है, और यदि 'धर्म' सुरक्षित है, तो यह कल्याण का मार्ग प्रशस्त करता है।

सड़क पर नमाज

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सड़क पर नमाज पढ़ने को लेकर कहा कि ईद में नमाज पढ़ने के लिए घंटों सड़क जाम करेंगे, नमाज की जगह ईदगाह मस्जिद है... सड़क नहीं। सड़क चलने के लिए होती है। उन्होंने कहा, हिंदुओं से अनुशासन सीखना चाहिए। 66 करोड़ लोग प्रयागराज में आए... कहीं कोई लूटपाट, आगजनी, छेड़खानी, तोड़फोड़, अपहरण नहीं हुआ, यही धार्मिक अनुशासन है। पर्व और त्योहार उदंडता करने के माध्यम नहीं बनने चाहिए। अगर आपको सुविधा चाहिए तो उस अनुशासन को भी मानना सीखिए।

सीएम योगी ने कहा कि आप सड़क पर नमाज पढ़ने वालों की कांवड़ यात्रा से तुलना कर रहे हैं। कांवड़ यात्रा हरिद्वार से लेकर गाजियाबाद या उन क्षेत्रों तक जाती है। कांवड़ यात्री तो सड़क पर ही चलेंगे। किसी परंपरागत मुस्लिम जुलूस को कभी नहीं रोका गया... मुर्हरम के जुलूस निकलते हैं, उन्हें नहीं रोका गया। हां ये जरूर कहा कि ताजिया का साइज थोड़ा छोटा करें। क्योंकि बड़े ताजिया हाई टेंशन वायर से टकरा सकते हैं, उससे टकराने पर मौत हो जाएगी। कांवड़ यात्रा में भी उनसे कहा जाता है कि डीजी की साइज छोटा करो। सबके लिए बराबर लागू किया जा रहा है। कानून सबके लिए बराबर है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article