Oil Tanker Blast In Bareilly: गुरुवार की शाम बरेली के आंवला कस्बा में एक दुर्घटना ने प्रशासन पर सवाल खड़े कर दिए। रेलवे स्टेशन रोड पर स्थित एक वेल्डिंग की दुकान पर तेल के टैंकर में जोरदार धमाका हुआ। जिससे वेल्डर और उसका एक हेल्पर घायल हो गए। इलाज के दौरान वेल्डर की मौत हो गई, वहीं उसका सहायक अभी अस्पताल में भर्ती है। सात महीने पहले भी एक ऐसा ही हादसा हुआ था, जिसको लेकर कोई खास कार्रवाई नहीं हुई थी।
क्या है मामला
बरेली के आंवला कस्बे में गुरुवार शाम एक टैंकर फट गया। जिस दौरान ये हादसा हुआ, उस समय इस फ्यूल टैंकर की वेल्डिंग की जा रही थी। रेलवे स्टेशन रोड स्थित कान्हा गोशाला के सामने मुन्ना मिस्त्री की वेल्डिंग दुकान पर इंडियन ऑयल के टैंकर की वेल्डिंग का काम चल रहा था कि इसी दौरान जोरदार धमाका हुआ। विस्फोट इतना तेज था कि वेल्डर करीब 10 फुट दूर जा गिरा। वेल्डर के साथ उसका एक सहायक भी घायल हो गया। दोनों को बरेली के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां वेल्डर की मौत हो गई। मृतक का नाम संदेश है जो रहटुईया गांव का निवासी था। घायल होने के बाद संदेश को पहले एक स्थानीय निजी अस्पताल और फिर बरेली के एक बड़े अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पहले भी हो चुका है हादसा
मिली जानकारी के मुताबिक करीब पांच महीने पहले भी इसी वेल्डर के साथ ऐसा ही हादसा हो चुका है। 23 दिसंबर को एक टैंकर में वेल्डिंग के दौरान धमाका हुआ था। तब पुलिस प्रशासन ने बिना अनुमति कस्बे में वेल्डिंग कार्य पर रोक लगाई थी, लेकिन समय के साथ यह सख्ती ढीली पड़ गई और वेल्डिंग का काम फिर शुरू हो गया। उस समय घरवालों ने संदेश को ये काम छोड़ने की सलाह दी थी लेकिन कुछ समय बाद वह फिर से इसी पेशे में लौट आया।
अवैध पार्किंग का आरोप
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि कस्बे में अवैध तेल पार्किंग और व्यापार प्रशासन की मिलीभगत से चल रहा है। डिग्री कॉलेज के पास एक बड़ी जगह पर अवैध रूप से टैंकर खड़े किए जाते हैं, जहां कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। लोगों ने इस पर तुरंत कार्रवाई की मांग की है। SDM नहने राम ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने दिया आश्वासन
बरेली जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने बताया कि गुरुवार को शाम के वक्त आंवला तहसील के तेल डिपो से थोड़ी दूरी पर कुछ लोग टैंकर के वेल्डिंग का काम कर रहे थे। इसी दौरान उसमें गैस बनने या किसी अन्य कारण से धमाका हो गया और इसमें वेल्डर और हेल्पर घायल हो गए थे, इलाज के दौरान वेल्डर की मौत हो गई, वहीं हेल्पर का उपचार जारी है।
जिलाधिकारी ने कहा कि संज्ञान में आया है कि इस तरह की घटना पूर्व में भी हो चुकी है इसको लेकर मेरे द्वारा एडीएम प्रशासन और पुलिस को मिलकर एक संयुक्त टीम बनाई गई है जो मौके पर जाकर जांच करेगी और ये सुनिश्चित करेगी कि इस प्रकार की घटना दोबारा न होने पाए, और क्या कारण है कि एक बार पूर्व में होने पर ये दोबारा ऐसी घटना हुई है। जांच आख्या आने के बाद जो भी इसमें दोषी पाए जाएंगे उनके विरुद्ध कठोर कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।
