Jhansi Police Encounter: झांसी में दिनदहाड़े पुलिस की शातिर बदमाश के साथ मुठभेड़ हुई। इस दौरान आरोपी के पैर में गोली लगने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। मुठभेड़ के दौरान आरोपी ने पुलिस पर भी फायरिंग की। लेकिन बुलेट प्रूफ जैकेट के कारण पुलिसकर्मी की जान बच गई।
जंगल में कांबिंग के दौरान आरोपी से मुठभेड़
जानकारी के अनुसार पुलिस और एसओजी टीम बदमाशों की तलाश में भजोंद के जंगल में कांबिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को एक संदिग्ध व्यक्ति बाइक पर सवार होकर आता दिखा। पुलिस ने जब उसे रुकने का इशारा किया, तो वह भागने लगा। खुद को पुलिस से घिरा देखकर बदमाश ने पुलिस पर फायरिंग की। जिससे थाना प्रभारी मोठ अखिलेश द्विवेदी के सीने पर गोली लग गई। हालांकि उन्होंने बुलेट प्रूफ जैकेट पहनी हुई थी, जिस कारण उनकी जान बच गई।
आरोपी पर पहले से 10 मुकदमे दर्ज
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश वीरेंद्र राजपूत के पैर में गोली लगी। उसे गिरफ्तार करने के बाद मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। एसएसपी ने बताया कि घायल बदमाश वीरेंद्र राजपूत झांसी का ही रहने वाला है। उस पर लूट, रंगदारी व अवैध असलहा रखने आदि के 10 मुकदमे दर्ज हैं।
