लखनऊ

UP Weather Today: यूपी में सर्दी से नहीं मिलेगी राहत, 40 जिलों में कोल्ड वेव का अलर्ट, जानिए कैसा रहेगा आज मौसम के मिजाज

UP Weather Today: लखनऊ मौसम केंद्र ने यूपी के 40 जिलों में कोल्ड वेव का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने बताया कि आने वाले दिनों में प्रदेश के न्यूनतम तापमान के साथ अधिकतम तापमान में भी कमी आएगी।

Image

यूपी के 40 जिलों में कोल्ड वेव का अलर्ट

UP Weather Today: उत्तर प्रदेश में ठंड का प्रकोप देखने को मिल रहा है। दिन में धूप खिली रहने के बाद शाम होते ही तापमान में कमी आने लगती है और लोगों को कांपते हुए देखा जाता है। ऐसे में निवासी गर्म कपड़ों की लेयर्स पहन अलाव के सहारे ठंड से बचने की कोशिश कर रहे हैं। यूपी के अधिकतर हिस्सों में शाम होते ही घर-घर अलाव जलता हुआ देखा जा सकता है। प्रदेश में शीतलहर चलने लगी है। रात के दौरान तापमान में सामान्य से साढ़े पांच डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है, जिसके चलते कल यूपी के अधिकतर जिलों में सीजन की सबसे सर्द रात दर्ज की गई। इस बीच मौसम विभाग ने यूपी के 40 जिलों में कोल्ड वेव का येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान रातभर तेज उत्तर-पश्चिमी हवाएं चलेंगी।

इन जिलों में कोल्ड वेव का अलर्ट

मौसम विभाग ने यूपी के सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, बागपत, मेरठ, हापुड़, गौतमबुद्ध नगर, गाजियाबाद, अलीगढ़, मथुरा, आगरा, महामायानगर, इवाटा, जालौन, औरैया, झांसी, ललितपुर, ज्योतिबाफुले, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, गोंडा, बस्ती, गोरखपुर, कुशीनगर, देवरिया, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज, संत कबीर नगर, बलिया, मऊ, अजमगढ़, सुल्तानपुर, अयोध्या, और अंबेडकरनगर में कोल्ड वेव का येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान लोगों को ठंड से बचाने और बच्चों-बुजुर्गों का खास ख्याल रखने की सलाह दी गई है। इन जिलों में न्यूनतम तापमान सामान्य से 4 से 5 डिग्री कम दर्ज किया जा रहा है।

वेस्टर्न डिस्टरबेंस का असर बढ़ा

दिसंबर की शुरुआत के साथ उत्तर प्रदेश के मौसम में बदलाव देखा गया। यहां पश्चिमी विक्षोभ यानी वेस्टर्न डिस्टरबेंस के कारण तापमान में कमी दर्ज की गई। इसके कारण प्रदेश के कई हिस्सों में तेज हवाएं चल रही हैं। बता दें कि अब प्रदेश में वेस्टर्न डिस्टरबेंस लगातार और प्रभावी रूप से आ रहे हैं।

आने वाले दिनों में यूपी में मौसम का हाल

उत्तर प्रदेश में गुरुवार को इस सीजन की अभी तक की सबसे सर्द रात रही है। कोल्ड वेव की स्थिति को देखते हुए आने वाले तीन से चार दिनों तक राहत मिलने के आसार कम हैं। पूर्वानुमान के अनुसार, आने वाले दिनों में शीतलहर का प्रकोप जारी रहेगा और ठंड भी बढ़ती रहेगी। इस दौरान सभी उम्र के लोगों को ध्यान रखने की आवश्यकता है, विशेषकर बच्चों और बुजुर्गों के स्वास्थ्य का खास ख्याल रखने की सलाह दी गई है। प्रदेश के न्यूनतम तापमान के साथ आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान में गिरावट हो सकती है।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article