लखनऊ

UP Weather Today: उत्तर प्रदेश में ठंड का प्रचंड रूप, कोहरे के साथ बारिश का अलर्ट जारी, कई जिलों में बिजली गिरने की आशंका

UP Weather Today: उत्तर प्रदेश में भीषण ठंड में लोगों को ठिठुरता हुआ देखा जा रहा है। इस बीच मौसम विभाग ने प्रदेश में कोहरे के अलर्ट के साथ कई जिलों में बारिश होने की संभावना जताई है। आने वाले दिनों में लोगों को ठंड से राहत मिलने की संभावना कम है।

Image

यूपी मेंं मौसम का हाल

UP Weather Today: उत्तर प्रदेश में ठंड का कहर जारी है। यहां ठंड का प्रचंड रूप देखने को मिल रहा है। शरीर सुन्न कर देने वाली सर्दियों से आने वाले दिनों में भी राहत मिलने के आसार कम ही नजर आ रहे हैं। यूपी के लोग ठंड से बचने के लिए हीटर, ब्लोअर और अलाव का सहारा ले रहे हैं। भीषण ठंड में कंबल-रजाई छोड़कर बाहर निकलने का लोगों का मन भी नहीं कर रहा है। ठंड से बचने के लिए और खुद को गर्म रखने के लिए लोग आवश्यक सारे जतन कर रहे हैं। इस बीच मौसम विभाग ने प्रदेश के अधिकतर जिलों में कोहरे का ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। साथ ही कहीं-कहीं बारिश होने की भी संभावना जताई जा रही है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कुछ जिलों में बिजली गिरने के आसार भी जताएं है।

यूपी के इन जिलों में कोहरे का ऑरेंज अलर्ट

उत्तर प्रदेश में बीते कई दिनों से मौसम विभाग द्वारा कोहरे के विभिन्न अलर्ट जारी किए जा रहे हैं। आज भी मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में कोहरे का ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में देवरिया, कुशीनगर, गोरखपुर, बलिया, मऊ, बस्ती, गोंड़ा, बहराइच, लखीमपुर खीरी, श्रावस्ती, संत कबीर नगर, महाराजगंज, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, सीतापुर, अजमगढ़, गाजीपुर, जौनपुर, वाराणसी, चंदौली, मिर्जापुर, सोनभद्र और संत रविदास नगर शामिल है।

उत्तर प्रदेश के इन जिलों में जारी येलो अलर्ट

मौसम विभाग द्वारा यूपी के सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, मेरठ, बागपत, हापुड़, बुलंदशहर, ज्योतिबाफुले नगर, संभल, बरेली, बदायूं, एटा, काशीराम नगर, पीलीभीत, शाहजहांपुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, मैनपुरी, औरैया, इटावा, कानपुर, कानपुर देहात, लखनऊ, उन्नाव, बाराबंकी, अयोध्या, अंबेडकरनगर, सुल्तानपुर, अमेठी, रायबरेली, फतेहपुर, बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज और प्रतापगढ़ में कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया गया है।

गाजियाबाद और नोएडा में बारिश की संभावना

मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, आज यूपी के गाजियाबाद और नोएडा में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना जताई जा रही है। बारिश के बाद तापमान में कमी आएगी और ठंड का स्तर बढ़ेगा। विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, गाजियाबाद में शनिवार और रविवार दोनों दिन बारिश की संभावना जताई गई है, जबकि नोएडा में केवल आज हल्की बारिश होने की उम्मीद है। गाजियाबाद और नोएडा के अलावा मौसम विभाग ने यूपी के कई शहरों में आज हल्की बारिश की संभावना जताई है। इस बीच लोगों को सुबह के समय कोहरे के बीच सतर्क रहते हुए वाहन चलाने की सलाह दी गई है।

इन जिलों में बिजली गिरने के आसार

मौसम विभाग ने आज गाजियाबाद, नोएडा, बुलंदशहर, कानपुर, मेरठ समेत करीब 33 से 36 जिलों में बूंदाबांदी की संभावना जताई है। इस दौरान विभाग ने यूपी की राजधानी लखनऊ समेत बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, उन्नाव, कानपुर, कानपुर देहात, कन्नौज, हरदोई, हापुड़, मथुरा, हाथरस, रायबरेली, आगरा, एटा, अलीगढ़, मथुरा, मैनपुरी, इटावा, संभल, बदायूं, हमीरपुर, महोबा, झांसी, औरैया, जालौन और आसपास के कई जिलों में बादलों की गड़गड़ाहट के बीच बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। लोगों को सावधान रहने के भी सलाह दी गई है।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article