Delhi NCR Aaj Aur kal ka Mausam kaisa Rahega: दिल्ली-एनसीआर में कोहरे और ठंड का डबल अटैक जारी है। साथ ही शीतलहर चलने से तापमान में गिरावट भी देखने को मिल रही है। शुक्रवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 6 डिग्री दर्ज किया गया। साथ ही चार घंटे तक घना कोहरा भी छाया रहा। जिससे कई जगहों पर विजिबिलिटी जीरो मीटर दर्ज की गई। कोहरे के चलते यातायात पर गहरा प्रभाव पड़ा। इससे 33 से अधिक ट्रेनें अपने तय समय से देरी से चली। वहीं 100 से अधिक फ्लाइट्स भी लेट हो गई। दिल्ली-एनसीआर के मौसम में आज बदलाव होने की संभावना है। मौसम विभाग ने दो दिन गरज-चमक के साथ बारिश होने का अनुमान जताया है।
आज और कल दिल्ली का मौसम
आईएमडी के अनुसार आज दिल्ली-एनसीआर में बादल छाए रहने की संभावना है। साथ ही गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने का अलर्ट भी जारी किया गया है। वहीं सुबह के समय कई जगहों पर मध्यम से घना कोहरा छाया रहेगा। दिल्ली में आज अधिकतम तापमान 15 डिग्री और न्यूनतम तापमान 8 डिग्री के आसपास दर्ज किया जा सकता है। 12 जनवरी को भी दिल्ली-एनसीआर में बादल छाए रहने और हल्की-फुल्की बारिश होने के आसार हैं। साथ ही सुबह के समय छिछला से मध्यम कोहरा भी छाया रह सकता है। इस दौरान नोएडा, गाजिबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है। रविवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 16 डिग्री और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है।
दिन में बरकरार रहा ठंड का एहसास
दिल्ली में शुक्रवार को सुबह के समय घना कोहरा छाया रहा। मौसम विभाग के अनुसार तड़के सुबह साढ़े चार बजे से काफी देर तक पालम में विजिबिलिटी शून्य रही। वहीं सफदरजंग में सुबह साढ़े पांच बजे से घने कोहरे के कारण विजिबिलिटी 50 मीटर तक रही। दिन चढ़ने पर गुनगुनी धूप भी निकली, लेकिन इससे ठंड से ज्यादा राहत नहीं मिली। दिन में भी लोगों को ठंड का एहसास होता रहा। इस बीच दिल्ली में अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 17.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.9 डिग्री कम छह डिग्री सेल्सियस रहा।
दिल्ली की हवा में हल्के सुधार की संभावना
दिल्ली की हवा में प्रदूषण का जहर और बढ़ गया है। शुक्रवार को राजधानी का एक्यूआई 397 रहा। जिसे बहुत खराब श्रेणी में माना जाता है। वहीं 17 इलाकों का एक्यूआई गंभीर श्रेणी में दर्ज किया गया। जिनमें जहांगीरपुर, मुंडका, रोहिणी, वीजरपुर और विवेक विहार जैसे इलाके शामिल हैं। गुरुवार को दिल्ली का औसत एक्यूआई 357 रहा था। वायु गुणवत्ता पूर्व चेतावनी प्रणाली के अनुसार आज हवा की गति 6 से 14 किमी प्रति घंटे तक रह सकती है। जिससे एयर क्वालिटी में हल्का सुधार देखने को मिल सकता है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
