UP Weather Today: उत्तर प्रदेश में भीषण ठंड, शीतलहर और कोहरे का सिलसिला जारी है। यहां हांड कंपा देने वाली ठंड पड़ रही है। इस भीषण सर्दी से बचने के लिए लोग घरों में कैद होने के लिए मजबूर हो गए हैं। कहीं लोग अलाव के सहारे ठंड से बचने की कोशिश कर रहे हैं तो अधिकतर लोग रूम हीटर या ब्लोवर का प्रयोग कर रहे हैं। कंबल से बाहर निकला मुश्किल होने लगा है। खुद को गर्म रखने के लिए और ठंड से बचने के लिए यूपी के लोग आवश्यक सारे जतन कर रहे हैं। मौसम विभाग ने बढ़ती ठंड को देखते हुए बच्चों और बुजुर्गों का खास ख्याल रखने की सलाह दी है। आज प्रदेश में कोहरे और कोल्ड डे का अलर्ट जारी किया है। साथ ही नोएडा और गाजियाबाद समेत प्रदेश के कई जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना भी जताई जा रही है।
यूपी मेंं मौसम का हाल
यूपी में कोल्ड डे
लखनऊ मौसम केंद्र की रिपोर्ट के अनुसार, मिर्जापुर, चंदौली और सोनभद्र को छोड़कर पूरे यूपी में कोल्ड डे का अलर्ट जारी किया है। विभाग द्वारा बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज, कुशीनगर, गोरखपुर, सीतापुर, बाराबंकी, गोंडा, बस्ती, संत कबीर नगर, अंबेडकर नगर, अयोध्या, अमेठी, लखनऊ, रायबरेली, सुल्तानपुर, फतेहपुर, उन्नाव, कानपुर, कानपुर देहात, जालौन, हमीरपुर, औरैया और इटावा में कोल्ड डे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। उसके अलावा अन्य सभी जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।
इन जिलों में कोहरे का अलर्ट
मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के अधिकांश जिलों में आज कोहरे का अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, मेरठ, बागपत, मथुरा, आगरा, गाजियाबाद, अलीगढ़, गौतमबुद्धनगर, बुलंदशहर, बरेली, मुरादाबाद, पीलीभीत, खीरी, बिजनौर, ज्योतिबा फुले, संभल, रामपुर, शाहजहांपुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, मैनपुरी, एटा, कन्नौज, कांशीराम नगर, फिरोजाबाद, महामायानगर, हापुड़, बदायूं, प्रतापनगर, जौनपुर, संत रविदास नगर, वाराणसी, आजमगढ़, गाजीपुर, बलिया, मऊ और देवरिया में कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया गया है। साथ ही इन जिलों में कोल्ड डे की स्थिति भी बनी हुई है।
मौसम का हाल
उत्तर प्रदेश में बढ़ती ठंड और कोहरे के कारण तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। यहां केवल न्यूनतम तापमान में नहीं बल्कि अधिकतम तापमान में भी कमी आने लगी है। प्रदेश के कई जिलों में अधिकतम तापमान 13 डिग्री तक पहुंच गया है, जो सामान्य से कम दर्ज किया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, कानपुर में 13.8 और हमीरपुर में 13.2 डिग्री तक पहुंचा। दिन चढ़ने के साथ तापमान में वृद्धि होगी। प्रदेश में कोहरे के कारण सड़क से लेकर रेल यातायात तक प्रभावित है। कई ट्रेनें देर से चल रही हैं तो वहीं सड़कों पर दृश्यता कम होने के कारण धीमी गति में गाड़ियां रेंगती हुई नजर आ रही है।
