UP Weather Today: उत्तर प्रदेश में सर्दियों की शुरुआत हो गई है। लेकिन कड़ाके की ठंड अभी भी नदारद है। आमतौर पर दिसंबर की शुरुआत से ही प्रदेश में कड़ाके की ठंड की शुरुआत हो जाती थी, लेकिन इस बार सुबह-शाम की ठंड का दौर ही जारी है। दरअसल यूपी में फेंगल तूफान का असर देखा जा रहा है। तूफान के कारण सर्द हवाएं रूक गई हैं। इतना ही नहीं इससे तापमान में 4 डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई है। 24-25 पहुंचा प्रदेश के कई जिलों का तापमान अब 29-30 डिग्री के बीच दर्ज किया जा रहा है। लेकिन इसके साथ ही मौसम विभाग ने बताया कि जल्द ही यूपी में कड़ाके की ठंड की शुरुआत होगी। आइए आपको बताएं कैसा रहेगा आज और आने वाले दिनों में मौसम का हाल -
कैसा रहेगा आज यूपी में मौसम का हाल
उत्तर प्रदेश में आज यानी 3 दिसंबर को मौसम साफ रहेगा। कहीं-कहीं हल्का कोहरा छाया रहेगा। लेकिन दिन चढ़ने के साथ कोहरा खत्म हो जाएगा। सुबह-शाम में हल्की ठिठुरन महसूस की जाएगी। दोपहर के समय तेज धूप खिली रहेगी। ग्रामीण इलाकों में शहरी इलाकों की तुलना में ठंड अधिक महसूस की जा रही है।
यूपी में कब शुरू होगी कड़ाके की ठंड
मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, उत्तर प्रदेश के मौसम में 8 दिसंबर से बदलाव शुरू होगा। विभाग ने बताया कि नए वेस्टर्न डिस्टरबेंस के बनने से उत्तर-पश्चिम यूपी में सर्द हवाएं आना शुरू हो जाएंगी, जिससे तापमान में गिरावट होगी और कंपकंपा देने वाली कड़ाके की ठंड की शुरुआत होगी।
आने वाले दिनों में मौसम का हाल
आईएमडी के अनुसार, यूपी में 4 से 5 दिसंबर तक मौसम कई स्थानों पर मध्यम कोहरा छाए रहने का अनुमान लगाया गया है। इसके अलावा मौसम शुष्क बना रहेगा। मौसम विभाग ने बताया कि आज से 7 दिसंबर तक प्रदेश के मौसम में कोई खास बदलाव नहीं होंगे और मौसम स्थिर बना रहेगा।
