UP Weather Today: उत्तर प्रदेश में मानसूनी बारिश की शुरुआत जून माह से हुई थी। तब से लगातार यहां बारिश का दौर जारी है। यूपी में अभी मानसून की तीसरी पारी चल रही है। मौसम वैज्ञानिकों ने मानसूनी बारिश के शुरू होने से पहले ही प्रदेश में सामान्य से अधिक बारिश होने की संभावना जताई थी। वैज्ञानिकों के पूर्वानुमान के अनुसार, यूपी में इस साल अच्छी बारिश दर्ज की गई है। बारिश से प्रदेश का मौसम कूल-कूल बना हुआ है। यहां कहीं हल्की बारिश हो रही है तो कहीं बदरा झमाझम बरस रहे हैं। बारिश से आम जनता के साथ किसानों के चेहरे भी खिले हुए हैं।
मौसम विभाग की मानें तो आने वाले दिनों में भी यूपी में बारिश का दौर जल्दी थमने वाला नहीं है। विभाग द्वारा 10 सितंबर तक बारिश का अलर्ट जारी किया है। उसके बाद भी बारिश होने की संभावना जताई जा रही है। मौसम विभाग ने बताया कि आज यूपी की राजधानी लखनऊ समेत 34 जिलों में बारिश होगी। 34 जिलों में से 17 जिलों में भारी बारिश की और 17 जिलों में हल्की से मध्यम स्तर की बारिश होने की संभावना जताई है। आइए अब आपको बताएं किस जिले में भारी बारिश होगी तो कहां हल्की बारिश के बाद मौसम सुहावना होगा।
उत्तर प्रदेश में भारी बारिश का येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने यूपी के करीब 17 जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में रामपुर, बरेली, खीरी, मुरादाबाद, श्रावस्ती, बहराइच, बलरामपुर, शाहजहांपुर, पीलीभीत, सोनभद्र, मिर्जापुर, बांदा, कौशांबी, प्रयागराज, चित्रकूट, संत रविदास नगर और फतेहपुर शामिल है। इन जिलों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश होगी। भारी बारिश से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिलेगी।
इन जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना
आईएमडी की रिपोर्ट के अनुसार, उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर, बदायूं, बुलंदशहर और अलीगढ़ में 40 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी और मध्यम स्तर की बारिश होने की संभावना है। वहीं संभाल, मथुरा, फर्रुखाबाद, काशीराम नगर, औरैया, कन्नौज, इवाटा, हरदोई, सीतापुर, बाराबंकी, लखनऊ, उन्नाव और सिद्धार्थनगर में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। साथ ही इस दौरान 40 किमी प्रति घंटा की गति से तेज हवाएं चलेंगी।
