UP Ka Mausam (यूपी में आज का मौसम कैसा रहेगा) 18-Apr-2025: उत्तर प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से तेज धूप और गर्मी परेशान कर रही थी। जिसके बाद मौसम ने फिर से पलटी मारी है। आज से यूपी में फिर बारिश का सिलसिला शुरू होने वाला है। मौसम विभाग ने 18 से 20 अप्रैल के दौरान गरज-चमक के साथ बारिश होने क संभावना जताई है। इस दौरान आंधी चलने और कहीं-कहीं ओलावृष्टि के भी आसार हैं। यूपी में गुरुवार से ही मौसम में बदलाव नजर आ रहा है। लखनऊ समेत कई जिलों में शाम से ही हवाएं चलने से गर्मी में राहत मिली। साथ ही मौसम भी सुहावना हो गया। आने वाले दिनों में बारिश से तापमान में गिरावट ह सकती है।
आज गरज-चमक के साथ बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार आज पूर्वी और पश्चिमी यूपी में बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारे पड़ने की संभावना जताई गई है। साथ ही कहीं-कहीं बादल गरजने और बिजली गिरने का भी येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवाएं भी चल सकती हैं। पांच जिलों में ओले गिरने का भी अलर्ट है। ये जिले अयोध्या, सुल्तानपुर, आंबेडकर नगर, आजमगढ़ और जौनपुर हैं। ओले गिरने से खेतों में कटी फसलों को नुकसान हो सकता है।
यूपी के इन जिलों में आज अलर्ट जारी
मौसम विभाग के अनुसार 18 अप्रैल को यूपी के कई जिलों में वज्रपात और मेघगर्जन की चेतावनी जारी की गई है। इनमें प्रयागराज, फतेहपुर, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, कानपुर देहात, कानपुर नगर, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतमबुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, इटावा, झांसी, ललितपुर, औरैया, बिजनौर, अमरोहा, संत रविदास नगर, बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी, मुरादाबाद, रामपुर, शाहजहांपुर, बरेली, पीलीभीत, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, कुशीनगर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, संभल, बदायूं, जालौन, हमीरपुर और महोबा शामिल हैं। इन जिलों में आंधी चलने का भी अलर्ट जारी किया गया है।
अगले तीन दिन जारी रहेगा आंधी-बारिश का सिलसिला
आईएमडी के अनुसार अगले तीन दिनों में यूपी के कई जिलों में आंधी और बारिश की संभावना जताई गई है। इस दौरान मेघगर्जन, वज्रपात और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने का भी अलर्ट जारी किया गया है। वहीं तापमान की बात करें तो अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोत्तरी दर्ज की जा सकती है। जिसके बाद अगले 3 दिन कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। वहीं न्यूनतम तापमान में भी अगले 5 दिन कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है।
