UP Ka Mausam (यूपी में आज का मौसम कैसा रहेगा) 17-Apr-2025: उत्तर प्रदेश में बारिश का सिलसिला थमने के बाद गर्मी फिर से बढ़ गई है। कुछ दिन पहले बारिश और तेज हवाओं के कारण लोगों को गर्मी से राहत मिली थी। लेकिन अब फिर से दिन में गर्मी सताने लगी है। दोपहर में तीखी धूप निकल रही है और तापमान में भी इजाफा देखने को मिल रहा है। बुधवार को प्रदेश की राजधानी लखनऊ समेत, अमेठी, सीतापुर, फतेहपुर, बुलंदशहर समेत ज्यादातर जिलों में ठीकठाक गर्मी पड़ी। हालांकि अब फिर से प्रदेश में बादलों की आवाजाही देखने को मिलेगी। मौसम विभाग ने 18 से 20 अप्रैल तक यूपी के दोनों हिस्सों में बारिश होने का अनुमान जताया है।
इन जिलों में गर्म रात को लेकर अलर्ट
आईएमडी के अनुसार यूपी में आज पश्चिमी हिस्से में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। वहीं पूर्वी यूपी में कहीं-कहीं बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान है। इस दौरान दोनों हिस्सों में गर्म रात का येलो अलर्ट जारी किया गया है। आज प्रयागराज, फतेहपुर, कानपुर देहात, अलीगढ़, मथुरा, बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी, एटा, इटावा, झांसी, ललितपुर, हाथरस, आगरा, फिरोजाबाद, औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, मैनपुरी और उसके आसपास के इलाकों में गर्म रात को लेकर चेतावनी जारी की गई है।
18 से शुरू होगा बारिश का सिलसिला
यूपी में कल यानी शुक्रवार से पूर्वी और पश्चिमी दोनों हिस्सों में बारिश की संभावना जताई गई है। इस दौरान कहीं-कहीं बादल गरजने, बिजली गिरने और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। साथ ही गर्म रात की भी चेतावनी जारी की गई है। 19 और 20 अप्रैल को भी प्रदेश मेंबारिश होने और मेघगर्जन व वज्रपात का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवाएं भी चल सकती है। 21 अप्रैल से पूर्वी और पश्चिमी यूपी में मौसम साफ हो जाएगा।
आने वाले दिनों में यूपी का तापमान
मौसम विभाग के अनुसार अगले 3 दिनों के दौरान यूपी के अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की धीरे-धीरे बढ़ोत्तरी हो सकती है। जिसके बाद कोई बड़ा बदलाव आने की संभावना नहीं है। वहीं न्यूनतम तापमान में अगले 5 दिनों में धीरे-धीरे 2 डिग्री तापमान बढ़ सकता है।
