UP Ka Mausam 08-Nov-2025: उत्तर प्रदेश में नवंबर की शुरुआत अच्छी ठंड के साथ हुई है। यहां सुबह-शाम के साथ अब रात में भी मौसम के मिजाज बदल गए हैं। बीते कुछ दिनों से तापमान में हो रही लगातार गिरावट के साथ कंपकंपी भी बढ़ती जा रही है। यूपी वासियों ने रात में ठंड से बचने के लिए कंबल निकाल लिए हैं। सुबह-शाम के समय लोगों को गर्म कपड़ों में देखा जा रहा है। हालांकि दिन के समय धूप खिली रहने से अभी भी थोड़ी राहत बनी हुई है, लेकिन यह राहत भी कितने और दिन बनी रहेगी इसका कुछ नहीं पता। यदि तापमान इसी प्रकार गिरता रहा तो जल्द ही यूपी में शीतलहर का अलर्ट जारी किया जाएगा। मौसमी गतिविधियों को देखते हुए अनुमान लगाया जा रहा है कि आगामी दिनों में प्रदेश के तापमान में 2 से 3 डिग्री की कमी आ सकती है। यह सब ला नीना इफेक्ट है, जिसके चलते इस साल भारत में हाड़ कंपा देने वाली सर्दी पड़ने की आशंका है। आइए अब जानें कैसा रहेगा आज यूपी में मौसम का हाल।
यूपी में रातो-रात बदले मौसम के मिजाज
उत्तर प्रदेश में मौसम कैसा रहेगा (UP Weather Today)
यूपी के पूर्वी और पश्चिमी दोनों हिस्सों में आज मौसम शुष्क बना रहेगा। इस बीच विभिन्न जिलों में सुबह और देर रात के दौरान मध्यम कोहरा देखने को मिलेगा। दिन के समय मौसम साफ रहेगा। मौसम विभाग की मानें तो आज प्रदेश में बारिश को लेकर कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। पूरे प्रदेश को आईएमडी ने ग्रीन जोन में रखा है, जिसका अर्थ हैं कहीं भी बूंदाबांदी या बारिश की संभावना नहीं है। यूपी में ठंड तेजी से बढ़ रही है। कानपुर में न्यूनतम तापमान लुढ़ककर 9 डिग्री तक पहुंच गया है। वहीं प्रदेश के अन्य जिलों में भी तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई है।
आगामी दिनों में कैसा रहेगा यूपी में मौसम (UP Kal ka Mausam)
मौसम विभाग की मानें तो आगामी दिनों में यूपी में तापमान में भारी गिरावट देखने को मिलेगी। प्रदेश का मौसम शुष्क रह सकता है, लेकिन कोहरा बढ़ेगा, जिसके चलते दृश्यता प्रभावित होगी। आगामी सात दिनों में बारिश और तेज हवाओं के चलने की संभावना नहीं है। आईएमडी ने यूपी में बढ़ रही ठंड की वजह पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी और बारिश को बताया है। उनका कहना है कि ठंडी और शुष्क उत्तर-पश्चिमी हवाओं का असर यूपी के मौसम पर देखने को मिल रहा है। इसलिए आगामी दिनों में तापमान के गिरने और शीतलहर के चलने की आशंका जताई जा रही है।
