लखनऊ

यूपी डीजीपी ने पहलगाम हमले के बाद UP-नेपाल बॉर्डर और टोल प्लाजा पर जांच बढ़ाने का निर्देश किया जारी

यूपी पुलिस ने पहलगाम आतंकी हमले के मद्देनजर सुरक्षा कड़ी कर दी है, नेपाल की अंतरराष्ट्रीय सीमा समेत सभी अंतरराज्यीय सीमाओं पर जांच बढ़ाने के निर्देश जारी किए हैं। साथ ही, राज्य में कश्मीरी छात्रों, पर्यटकों और विक्रेताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के विशेष प्रबंध किए जा रहे हैं।

Image

UP-नेपाल बॉर्डर और टोल प्लाजा पर जांच बढ़ाने का निर्देश हुआ जारी

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद उत्तर प्रदेश पुलिस को नेपाल की अंतरराष्ट्रीय सीमा सहित अन्य अंतरराज्यीय सीमाओं पर सुरक्षा जांच बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। इस संबंध में अधिकारियों ने शनिवार को जानकारी दी। पुलिस महानिदेशक प्रशांत कुमार द्वारा जारी एक बयान में कहा गया कि राज्य में कश्मीरी छात्रों, पर्यटकों और व्यापारियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए, ताकि कोई अप्रिय घटना न हो।

गौरतलब है कि पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद देश के विभिन्न हिस्सों से कश्मीरी छात्रों को परेशान किए जाने की कई खबरें सामने आई हैं। डीजीपी प्रशांत कुमार ने कहा कि सभी सोशल मीडिया मंच पर लगातार निगरानी रखी जाए और किसी भी तरह की भड़काऊ और भ्रामक पोस्ट का तुरंत खंडन किया जाए और उसे पोस्ट करने वाले व्यक्ति के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

चेक पोस्टों पर निगरानी रखी जाए

बयान के मुताबिक डीजीपी प्रशांत कुमार ने प्रभावी जांच और सीमा तथा टोल प्लाजा पर उचित पुलिस व्यवस्था के निर्देश जारी किए हैं। डीजीपी प्रशांत कुमार ने कहा कि नेपाल सीमा पर महराजगंज, श्रावस्ती, सिद्धार्थनगर, खीरी, पीलीभीत, बहराइच और बलरामपुर जिलों में सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित किया जाए तथा चेक पोस्टों पर निगरानी और सतर्कता बरती जाए।

भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुख्ता इंतजाम

डीजीपी प्रशांत कुमार ने बताया कि वरिष्ठ अधिकारी तत्काल प्रदेश के सभी जिलों में अपनी कड़ी निगरानी बनाए रखें। उन्होंने कहा कि कमिश्नरेट/जिले के सभी मॉल, सिनेमा हॉल, मल्टीप्लेक्स और मनोरंजन स्थलों तथा सभी भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। उन्होंने निर्देश जारी करते हुए कहा कि सभी होटल, धर्मशाला, गेस्ट हाउस और नए किराएदारों का सत्यापन किया जाए।

(इनपुट - भाषा)

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!