Hardoi Accident News: उत्तर प्रदेश के हरदोई में एक तेज रफ्तार ट्रक ने ऑटो को टक्कर मार दी। इस हादसे में 7 लोगों की मौत हो गई और 2 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने पुलिस को सूचना दी। जिसके बाद संडीला सीओ सतेंद्र सिंह समेत भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने सभी शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं ट्रक ड्राइवर हादसे के बाद मौके से फरार हो गया।
बांगरमऊ से संडीला की ओर जा रहा था ऑटो
यह हादसा हरदोई के कासिमपुर थाना क्षेत्र के हरदलम के पास हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सवारियों से भरा ऑटो बांगरमऊ से संडीला की ओर आ रहा था। इसी बीच हरदलमऊ के पास अचानक एक तेज रफ्तार ट्रक ने सामने से ऑटो को टक्कर मार दी। जिससे ऑटो सवार सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दो घायलों को तुरंत सीएचसी संडीला में भर्ती कराया गया है, जहां से उन्हें ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया।
मृतकों की पहचान
हादसे में मृतकों की पहचान ऑटो चालक रंजीत पुत्र लालता निवासी औरामऊ थाना कासिमपुर, अंकित कुमार पुत्र रामजी निवासी बाहदीन कछौना बालामऊ, अरविन्द पुत्र नंदराम निवासी मल्हन खेड़ा थाना कासिमपुर, फूलजहा पत्नी सिराज निवासी बेहटा मुजावर उन्नाव, निसार पुत्र जहूर निवासी ग्राम उनवा थाना कछौना के तौर पर हुई है। मृतकों में एक महिला की शिनाख्त नहीं हुई। वहीं हादसे में घायल युवक सिराज पुत्र सफीजन के निवासी बेहटा मुजावर उन्नाव के साथ उसके दो बच्चों की हालत गंभीर होने पर ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया।
इस दर्दनाक हादसे के बाद मौके पर पहुंचे परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। दुर्घटना की सूचना पाकर संडीला एसडीएम अरुणिमा श्रीवास्तव ने सीएचसी पहुंचकर घायलों के बारे में जानकारी ली। एसपी नीरज सिंह जादौन ने भी घटना स्थल का निरीक्षण किया। जिसके बाद सीएचसी पहुंचकर घायलों के बारे में डॉक्टरों से बात की। उन्होंने बताया कि सभी शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि हादसे के बाद फरार हुए ट्रक ड्राइवर को जल्द पकड़ लिया जाएगा और मृतकों को नियमानुसार सहायता की जाएगी।
