Raebareli Accident: रायबरेली में स्थित जगतपुर थाना क्षेत्र के जिगना इलाके में हुई एक सड़क हादसे ने सनसनी मचा दी है। क्षेत्राधिकारी अरुण कुमार ने बताया कि दो गाड़ियों की आमने-सामने की टक्कर हो गई, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई है। दो लोग प्रयागराज के और एक आगरा के रहने वाले हैं। जानकारी के अनुसार, इसमें एक महिला कांस्टेबल घायल हुई हैं। सभी प्रयागराज से आ रहे थे, तभी ये हादसा हो गया, जिसमें दो लोगों ने दम तोड़ दिया है, जबकि महिला कांस्टेबल घायल हैं।
महिला कांस्टेबल को इलाज के लिए उच्च अस्पताल में भेजा गया है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। दूसरी गाड़ी के बारे में पता कराया जा रहा है, और आवश्यक कार्यवाही की जा रही है। स्थानीय लोगों ने बताया कि जिगना के पास दो गाड़ियों में जोरदार टक्कर हुई। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हुई। उसे जिला अस्पताल से उच्च स्तरीय इलाज के लिए भेजा गया है। घटना लखनऊ प्रयागराज नेशनल हाईवे के पास की है।
हादसे की जांच
रायबरेली में हुए इस सड़क हादसे के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। जानकारी के मुताबिक, घायल महिला पुलिस कांस्टेबल पद पर हैं। हाईवे पर बुधवार को अज्ञात वाहन की टक्कर से ये घटना हुई। ये सभी लोग लखनऊ जा रहे थे कि तभी जिगना गांव के पास अज्ञात वाहन से टक्कर हो गई। सभी को घायल अवस्था में सीएससी जगतपुर पहुंचाया गया, जहां पर दो लोगों को मृत घोषित कर दिया गया। जगतपुर पुलिस का कहना है कि हादसे की जांच कराई जा रही है। शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
(इनपुट - आईएएनएस)
