लखनऊ: 2024 के लोकसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए बीजेपी मुसलमानों को लुभाने के लिए उत्तर प्रदेश में मदरसों और इस्लामिक विद्वानों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो संबोधन 'मन की बात' का उर्दू में अनुवाद का संकलन बांटेगी। उत्तर प्रदेश बीजेपी अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्ष कुंवर बासित अली ने वर्ष 2022 के लिए प्रधानमंत्री के रेडियो कार्यक्रम की 12 कड़ियों का संकलन किया है।
मदरसों तक पहुंचेगा पीएम मोदी के 'मन की बात'
'मन की बात' के 12 एपिसोड का उर्दू में अनुवाद
अली ने पीटीआई को बताया कि प्रधानमंत्री मोदी के 'मन की बात' कार्यक्रम के 12 एपिसोड का उर्दू में अनुवाद किया गया है और इसे एक किताब के रूप में प्रकाशित किया जाएगा। जनवरी से दिसंबर 2022 तक के एपिसोड को इसमें शामिल किया गया है। इसे मैंने संकलित किया है और इसका अनुवाद मेरठ के तबिश फरीद ने किया है। उन्होंने कहा कि उम्मीद है कि रमजान के दौरान किताब छपकर तैयार हो जाएगी। इस किताब को एक लाख लोगों तक पहुंचाने का लक्ष्य है।
मुस्लिम समुदाय के बीच पीएम के संदेशों को फैलाना लक्ष्य
इस किताब में दारुल उलूम देवबंद और नदवतुल उलेमा जैसे इस्लामिक शिक्षण संस्थानों के प्रमुखों के बधाई संदेशों को भी शामिल किया गया है। अली ने कहा कि पुस्तक बिक्री के लिए उपलब्ध नहीं होगी। इसे उत्तर प्रदेश के मुस्लिम बहुल क्षेत्रों में गिफ्ट के तौर पर बांटा जाएगा। बीजेपी के राज्य अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के कार्यकर्ता इस पुस्तक को प्रमुख मदरसों, इस्लामी विद्वानों, उर्दू शिक्षकों और उलेमाओं को उपहार के तौर पर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस कवायद का मकसद मुस्लिम समुदाय के बीच प्रधानमंत्री के संदेशों को फैलाना है।
मन की बात में समाज की भलाई के लिए है गहरा संदेश
उन्होंने कहा कि कई बार ऐसा होता है कि मुस्लिम समुदाय के लोग प्रधानमंत्री के 'मन की बात' नहीं सुन पाते हैं, जिसमें हमेशा समाज की भलाई के लिए एक गहरा संदेश छिपा होता है। अली ने कहा कि रेडियो कार्यक्रम में, प्रधानमंत्री अक्सर सरकार की विभिन्न योजनाओं और पहलों के साथ-साथ सामाजिक क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले लोगों का उल्लेख करते हैं।
मन की बात पुस्तक का ये है उद्देश्य
इस पुस्तक को प्रकाशित करने का उद्देश्य यह है कि मुस्लिम समुदाय भी लाभान्वित हो और प्रधानमंत्री के संदेशों से प्रेरित हो। पसमांदा मुस्लिमों को जोड़ने के लिए सम्मेलन आयोजित करने के बाद बीजेपी अप्रैल में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मुस्लिम बहुल लोकसभा क्षेत्रों में 'स्नेह मिलन-एक देश, एक डीएनए' सम्मेलन की तैयारी कर रही है।
