लखनऊ

बांदा में कोहरे के कारण आमने-सामने से भिड़े दो ट्रक, देखते ही देखते आग का गोला बने वाहन, दोनों ड्राइवर जिंदा जले

बांदा के तिंदवारी थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार ट्रक की सामने से आ रहे दूसरे ट्रक से टक्कर हो गई। इस भिड़ंत के बाद दोनों ट्रकों में आग लग गई। जिसमें ट्रकों के ड्राइवर की जलकर मौत हो गई। इस हादसे के बाद करीब साढ़े चार घंटे तक बांदा-फतेहपुर मार्ग पर जाम लगा रहा।

Banda Road Accident: उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में कोहरे के कारण भीषण हादसा हो गया। जहां एक तेज रफ्तार ट्रक ने दूसरे ट्रक को टक्कर मार दी। यह भिडंत इतनी जोरदार थी कि दोनों ट्रकों में आग लग गई। देखते ही देखते ट्रक आग का गोला बन गया। इस हादसे में दोनों ट्रकों में फंसे ड्राइवर जिंदा जल गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची। जिसके बाद आग पर काबू पाया गया।

साढ़े चार घंटे तक लगा रहा जाम

यह हादसा बांदा के तिंदवारी थाना क्षेत्र में जसईपुर गांव के पास हुआ। हादसे के बाद बांदा-फतेहपुर मार्ग पर लगभग साढ़े चार घंटे तक जाम लगा रहा। दुर्घटनाग्रस्त ट्रकों को हटाने के बाद दोपहर के करीब साढ़े 12 बजे जाम हटा और यातायात सामान्य हुआ। इस हादसे में गिट्टी लोड ट्रक के खलासी ने समय पर कूदकर अपनी जान बचा ली।

जानकारी के अनुसार रायबरेली के महाराजगंज के पहाड़पुर का निवासी 30 वर्षीय नीरज यादव ट्रक में गिट्टी लेकर बांदा से फतेहपुर की ओर जा रहा था। वहीं दूसरी ओर अमेठी के मुंशीगंज थानाक्षेत्र के जद्दपुर का निवासी 21 वर्षीय सुनील यादव भी फतेहपुर से बांदा की ओर आ रहा था। उसका ट्रक खाली था। घना कोहरा होने के कारण दोनों ट्रक तिंदवारी थानाक्षेत्र में बांदा-फतेहपुर हाइवे पर भिड़ गए। जिसके बाद दोनों में आग लग गई।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article