Sambhal Temple: संभल में जिस मंदिर को 46 साल बाद खोला गया है, उसकी साफ-सफाई के दौरान कई राज सामने आ रहे हैं। पहले तो हनुमान जी और शिवलिंग मिला था, बाद में एक कुएं का पता चला। अब कुएं की खुदाई हो रही है, जिसमें से अभीतक तीन खंडित मूर्तियां बरामद हो चुकी हैं। बता दें कि दंगों के बाद इस इलाके को हिंदुओं ने खाली कर दिया था, तब से मंदिर पर ताला लगा था और उसके आसपास अतिक्रमण हो चुका था।
कुएं में 10-12 फीट तक हुई खुदाई
संभल के जिलाधिकारी राजेंद्र पेंसिया ने पत्रकारों से कहा कि प्राचीन मंदिर और जो कुआं हमें मिला है, उसकी खुदाई की जा रही है। पेंसिया ने कहा, ‘‘करीब 10 से 12 फीट खुदाई की गई है। इस दौरान आज सबसे पहले पार्वती जी की मूर्ति मिली, जिसका सिर टूटा हुआ मिला, फिर गणेश जी और मां लक्ष्मी जी की मूर्तियां मिलीं।’’
जांच की कही गई है बात
यह पूछे जाने पर कि क्या मूर्तियों को तोड़कर अंदर रखा गया था, उन्होंने कहा कि यह सब जांच का विषय है। उन्होंने कहा,‘‘अभी ये मूर्तियां बाहर आई हैं। मूर्तियां अंदर कैसे गईं? क्या हुआ और क्या नहीं हुआ, यह विस्तृत जांच के बाद पता चलेगा।’’
अतिक्रमण भी हटाया गया
मंदिर के आसपास अतिक्रमण के सवाल पर उन्होंने कहा कि कुछ लोगों ने खुद ही अतिक्रमण हटा लिया है, कुछ से अनुरोध किया गया है, आगे की प्रक्रिया अपनाई जाएगी और फिर नगरपालिका के माध्यम से इसे हटाया जाएगा। यह मंदिर खग्गू सराय इलाके में स्थित है, जो शाही जामा मस्जिद से सिर्फ एक किलोमीटर दूर है। इस मस्जिद में 24 नवंबर को अदालत के आदेश पर किए गए सर्वे के दौरान विरोध प्रदर्शन होने पर हिंसा हुई थी। प्रशासन ने कहा कि भक्तों ने मंदिर में जाना शुरू कर दिया है और इसकी चौबीसों घंटे सुरक्षा की जा रही है।
