लखनऊ

Accident News: पीलीभीत में बाइक से भिड़ी तेज रफ्तार कार, तीन लोगों की मौत

शुक्रवार को पीलीभीत के बीसलपुर-पीलीभीत राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक भयानक सड़क हादसा हुआ। एक कार ने बाइक को टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में तीन लोगों की मौत हो गई और एक दो वर्षीय बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। बच्चे का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने कार को कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच कर रही है।

Image

पीलीभीत सड़क हादसे में तीन की मौत

Photo : Times Now Digital

Pilibhit Accident: पीलीभीत जिले में एक सड़क हादसे में तीन लोगों की जान चली गई। बीसलपुर-पीलीभीत राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक तेज रफ्तार कार ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिसकी वजह से एक महिला और दो पुरुषों समेत तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि यह दुर्घटना शुक्रवार शाम बरखेड़ा थाना क्षेत्र के मछवाखेड़ा गांव के पास हुई। बरखेड़ा थाने के प्रभारी (एसएचओ) प्रदीप कुमार विश्नोई ने मीडिया को बताया कि मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और दुर्घटना में शामिल कार जब्त कर ली गई है। उन्होंने कहा कि औपचारिक शिकायत मिलने के बाद कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस के अनुसार, बरखेड़ा के बर्रामऊ गांव के निवासी विनोद कुमार (26) अपनी पत्नी राखी (22), दो वर्षीय बेटे अनमोल और साले सुनील (24) के साथ बहेड़ी क्षेत्र के दियुरनिया गांव से लौट रहे थे।

जब वे मछवाखेड़ा गांव के पास अपनी मोटरसाइकिल पर सवार थे, तभी बीसलपुर की ओर से आ रही एक कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से विनोद और सुनील की मौके पर ही मौत हो गई।

विनोद की पत्नी और उनके दो वर्षीय बेटे को गंभीर चोटें आईं और उन्हें प्राथमिक उपचार के लिए बरखेड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उन्हें जिला अस्पताल भेज कर दिया गया।

उन्होंने बताया कि राखी ने देर रात इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। बच्चा अब भी अस्पताल में भर्ती है। कार को कब्जे में ले लिया गया है और घटना की आगे की जांच जारी है।

(इनपुट-भाषा)

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article