आज बादशाह, रफ्तार, यो यो हनी सिंह, एमसी स्टालिन जैसे कई रैपर आपको थिरकने पर मजबूर करते हैं। रैप की दुनिया के ये सिरमौर अपने म्यूजिक से लोगों की दिलों में जगह बनाए हुए हैं। लेकिन, क्या आप जानते हैं कि देश का पहला रैपर नवाबों की नगरी लखनऊ से था। जी हां, आपने बिल्कुल सही पढ़ा। देश के पहले रैपर का जन्म लखनऊ में ही हुआ था। अब आपका प्रश्न होगा कि आखिर देश का पहला रैपर था कौन? इसका जवाब सीधा देने की बजाय हाल में रिलीज हुई फिल्म सिंघम अगेन में अजय देवगन के एक डॉयलॉग से समझते हैं। फिल्म में अजय देवगन अपने बेटे से कहते हैं, गूगल पे बाजीराव सिंघम टाइप कर ले, पता चल जाएगा तेरा बाप चीज क्या है... उसी तरह गूगल पर First Rapper of India टाइप करके देख लें। नाम आएगा हरजीत सिंह सहगल। अब भी नहीं समझे तो बता दें कि यह वही बाबा सहगल हैं, जो 90 के दशक में हर पार्टी की शान हुआ करते थे।
पंतनगर से किया B.Tech
जी हां, हरजीत सिंह सहगल उर्फ बाबा सहगल का जन्म नवाबों की नगरी लखनऊ में हुआ था। 23 नवंबर 1965 को लखनऊ में जन्में बाबा सहगल का लालन-पालन भी यहीं पर हुआ। बाबा सहगल ने पंतनगर में जीबी पंत कृषि विश्वविद्यालय से बी.टेक (B.Tech from G. B. Pant University of Agriculture and Technology, Pantnagar) किया।
म्यूजिक करियर
बाबा सहगल को शुरू से ही म्यूजिक से प्यार था। 1990 के दशक में उन्होंने एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में कदम रखा, जब वह तेजी से पॉपुलर हो रहे इंडी पॉप का चेहरा बनकर उभरे। साल 1990 में उनकी पहली एलबम 'दिलरुबा' रिलीज हुई। इसके बाद 1991 में उनकी एक और एलबम आई, जिसका नाम अलिबाबा था। साल 1992 में उनकी वह एलबम आई, जिसने बाबा सहगल को घर-घर तक पहुंचा दिया। इस एलबम का नाम था ठंडा ठंडा पानी। यह एलबम MTV चार्टबीट पर बड़ी हिट साबित हुई। यह एलबम के गाने इतने पसंद किए गए कि इसकी 5 मिलियन यानी 50 लाख कैसेट्स बिकीं। इस तरह से बाबा सहगल देश के पहले सफल रैपर बन गए।
दिल धड़के, मेरा दिल धड़के
ठंडा ठंडा पानी एलबम का 'दिल धड़के, मेरा दिल धड़के' गाना ही था, जो MTV पर जबरदस्त हिट रहा। इस एलबम में 'बम्बाला बम बम', 'मेहबूबा', 'प्यार', 'ठंडा-ठंडा पानी' और 'चोर' जैसे गाने भी थे। वैसे तो बाबा सहगल के फैन्स को यह सभी गाने पसंद आए लेकिन, दिन धड़के गाना आज भी लोगों की पसंद में ऊपर रहता है।

बाबा सहगल (फोटो - साभार इंस्टाग्राम)
आजा मेरी गाड़ी में बैठ जा
इसके बाद बाबा सहगल ने 1993 में 'मैं भी मडोना' और 'बाबा बचाओ ना' जैसी एल्बम रिलीज कीं। इसके बाद भी बाबा सहगल ने कई एल्बमें रिलीज कीं। इस बीच बाबा सहगल ने एक्टिंग की दुनिया में भी कदम रखा, लेकिन रैप करना नहीं छोड़ा। साल 1998 की फिल्म 'मिस 420' में उन्होंने 'आजा मेरी गाड़ी में बैठ जा...' और कई अन्य गाने भी गाए। 'जुगनी मस्त कलंदर' जैसे कई अन्य गाने भी उनके जबरदस्त हिट रहे। बड़ी बात ये है कि अपने गाए ज्यादातर गाने उन्होंने स्वयं ही लिखे थे और म्यूजिक कंपोज भी उन्होंने ही किया था। बाबा सहगल भारत के पहले कलाकार हैं, जिनका म्यूजिक वीडियो MTV एशिया पर ब्रॉडकास्ट हुआ और उस समय यह ब्रॉडकास्ट हॉन्ग-कॉन्ग से हुआ था।
सुपरहिट मुकाबला
बाबा सहगल 90 के दशक में दूरदर्शन पर आने वाले साप्ताहिक सुपरहिट मुकाबले के प्रजेंटर भी रहे। यह कार्यक्रम डीडी-2 पर प्राइमटाइम पर आता था। उन्होंने कई स्टेज शो भी किए। साल 2001 से 2005 तक वह न्यूयॉर्क में रहे और जब मुंबई लौटे तो उन्होंने अपनी 22वीं एल्बम 'वेल्कम टू मुंबई' रिलीज की। इसके बाद साल 2006 में वह टीवी शो 'बिग बॉस' का भी हिस्सा बने। साल 2009 में जुगनी चली जलंधर नाम के कॉमेडी शो का हिस्सा रहे बाबा सहगल।
फिल्मों में म्यूजिक
बाबा सहगल ने बॉलीवुड की कुछ फिल्मों और टीवी शो के लिए म्यूजिक भी दिया। जिसमें प्रमुख तौर पर 2006 की फिल्म भूत अंकल, 2005 की नालायक का नाम लिया जा सकता है। उन्होंने टीवी शो संता एंड बंता न्यूज अनलिमिटेड की एंकरिंग भी की। बाबा सहगल ने साल 2016 में राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार रहे और बाद में चुनाव जीतने वाले डोनाल्ड ट्रंप के फेवर में 'ट्रंप का मेनिया' नाम से एक रैप बनाया और यह काफी हिट भी रहा।
अंडरवर्ल्ड ने बिगाड़ा करियर आज भी जुटा बाबा
बाबा सहगल 90 के दशक में तेजी से सफलता की सीढ़ियां चढ़ रहे थे। कहते हैं कि इसी दौरान उन्हें अंडरवर्ल्ड से धमकी भरे कॉल आने लगे। शुरुआत में तो उन्होंने इसे गंभीरता से नहीं लिया। लेकिन 1997 में गुलशन कुमार की हत्या होने के बाद बाबा सहगल ने इन धमकियों को गंभीरता से लिया। इसके बाद वह अपने करियर को छोड़कर सिंगापुर चले गए। यहां उन्होंने बिजनेस करने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। बाद के समय में वह अमेरिका में भी रहे। लेकिन भारत लौटने पर वह फिर अपने रैप में जुट गए। साल 2022 में फोन भूत का उनका गाना अच्छा हिट साबित हुआ।
कुल मिलाकर बाबा की सफलता और उनकी कहानी को उनके ही रैप के स्टाइल में समराइज किया जाए तो ... लाइफ तेरी सेट है भाई...
