Bhadohi News: उत्तर प्रदेश के भदोही जिले से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। यहां करंट की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई है और 5 अन्य लोग झुलस गए हैं। गंभीर रूप से घायल इन लोगों का ट्रॉमा सेंटर में इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की गई। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
तार बिछाने के दौरान करंट की चपेट में आए 6 लोग
करंट लगने से गई एक की मौत पांच लोग झुलसे
भदोही के औराई थाना इलाके के पुलिस अधिकारी ने शनिवार को बताया कि शुक्रवार रात औराई थाना के घोसिया इलाके में मोबाइल का टावर लगाने के लिए खोदे गए गहरे गड्ढे में तार बिछाने का काम चल रहा था। उसी दौरान ये हादसा हुआ। औराई थाना प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) सच्चिदानंद पांडेय ने बताया कि बहराइच जिले के पहलादा गांव के रहने वाले राम अचल, प्रेमनाथ, संदीप, दुर्गा प्रसाद अमन और मनोज कुमार तार बिछाने का काम कर रहे थे। तभी इन सभी को जोरदार करंट लगा। इस हादसे में करंट की चपेट में आने से राम अचल नाम के व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। इस दौरान प्रेमनाथ, संदीप, अमन, दुर्गा प्रसाद और मनोज कुमार बुरी तरह से झुलस गए। पुलिस ने इन सभी लोगों के परिवार को हादसे की सूचना दे दी है। पुलिस मामले में आगे की जांच में जुटी हुई है।
(इनपुट - भाषा)
