UP News: उत्तर प्रदेश के मऊ जिले की घोसी विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी के विधायक सुधाकर सिंह का आज सुबह निधन हो गया। उन्होंने लखनऊ के मेदांता अस्पताल में अंतिम सांस ली। वह अपने बेबाक अंदाज के लिए मशहूर थे। बताया जा रहा है कि लंबे समय से ही सुधाकर सिंह लीवर और किडनी संबंधी समस्या से जूझ रहे थे। उनके निधन के बाद समाजवादी पार्टी में शोक का माहौल है।
घोसी विधानसभा से सपा विधायक सुधाकर सिंह का निधन
स्वास्थ्य में गंभीर गिरावट के बाद अस्पताल में किया गया भर्ती
सुधाकर सिंह के बेटे सुजीत सिंह के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से उनकी तबीयत खराब चल रही थी। 17 नवंबर को मुख्तार अंसारी के छोटे बेटे उमर अंसारी के रिसेप्शन में लौटने के बाद उनकी तबीयत खराब ज्यादा खराब हो गई। स्वास्थ्य में आई गंभीर गिरावट के बाद उन्हें तुरंत इलाज के लिए मंगलवार को लखनऊ के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टर उनका इलाज कर रहे थे। लेकिन आज यानी गुरुवार, 20 नवंबर को उनका निधन हो गया।
समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने भी सुधाकर सिंह के निधन पर दुख प्रकट करते हुए एक्स पर पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने लिखा "घोसी विधानसभा से समाजवादी पार्टी के विधायक श्री सुधाकर सिंह जी का निधन, अत्यंत दुःखद ! ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दें। शोक संतप्त परिजनों को यह असीम दुःख सहने का संबल प्राप्त हो। भावभीनी श्रद्धांजलि !"
उपचुनाव में हासिल की बड़ी जीत
बता दें कि सुधाकर सिंह अपनी हाजिर जवाबी और बेबाकी के लिए जाने जाते थे। 2023 के उपचुनाव में घोसी विधानसभा सीट पर जीत हासिल करने के बाद वह चर्चा में काफी रहे। बता दें कि 2022 में घोसी सीट पर सपा ने दारा सिंह चौहान को चुनावी मैदान में उतारा था और उन्होंने जीत भी हासिल की थी, लेकिन 2023 में उन्होंने इस्तीफा दे दिया। उसके बाद दारा सिंह ने पार्टी बदली और वह बीजेपी में चले गए। 2023 में हुए उपचुनाव में सपा की तरफ से सुधाकर सिंह चुनावी मैदान में उतरे और जीत का झंडा लहराया।
