Lucknow: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में पुलिस टीम की गौ-तस्करों के साथ मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में गौ तस्करों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। अपनी रक्षा करते हुए पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक तस्कर को लगी गोली और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। लेकिन इस बीच मौका देख आरोपी के अन्य साथी भागने में कामयाब हो गए।
पुलिस मुठभेड़ में गौ तस्कर गिरफ्तार
पुलिस अधिकारी ने बताया कि लखनऊ के गोसाईगंज इलाके में 5 मई को पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर गोवंश से भरा एक ट्रक मिला था। ट्रक के खराब होने पर चालक उसे मौके पर छोड़कर फरार हो गया था। यहां गौ तस्करी का बड़े मामले का खुलासा हुआ, जिसके बाद पुलिस ने अपनी जांच शुरू की। एक मुखबिर द्वारा मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने शुक्रवार देर रात इससे जुड़े तीन लोगों को घेरा। पुलिस ने बताया की जब आरोपियों को रुकने का इशारा किया गया तो, बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी फायरिंग करते हुए पुलिस की गोली एक तस्कर के पैर में लग गई, जिसे गिरफ्तार कर लिया गया है और इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
कुशीनगर-इटावा समेत कई जिलों में आपराधिक मामले दर्ज
मुठभेड़ के दौरान कार में सवार अन्य दो तस्कर वहां से भागने में कामयाब हो गए। पुलिस अधिकारी ने बताया कि भागे हुए दोनों अपराधियों की तलाश जारी है और जल्द से जल्द अन्य तस्करों की भी गिरफ्तारी की जाएगी। मामले पर अधिक जानकारी देते हुए डीसीपी साउथ निपुण अग्रवाल ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ कुशीनगर, मुजफ्फरनगर और इटावा में कई मामले दर्ज हैं।
