Monsoon Reaches UP: उत्तर प्रदेश में मानसून का इंतजार अब खत्म हो गया है। दक्षिण-पश्चिम मानसून की दस्तक से प्रदेश के कई जिलों में मानसून की पहली बारिश देखने को मिली। जानकारी के लिए बता दें कि बिहार-झारखंड से मानसून ने सोनभद्र के रास्ते यूपी में एंट्री ले ली है। इसके साथ ही सोनभद्र के आसपास के जिलों में यानी मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी और गाजीपुर में मानसून बारिश का दौर शुरू हो गया है। अब आगामी कुछ ही दिनों में मानसून पूरे यूपी को कवर कर लेगा। बीते दिनों प्रचंड गर्मी से परेशान लोगों ने मानसून की दस्तक के साथ राहत की सांस ली है। इस साल प्रदेश में अच्छी बारिश होने की संभावना जताई गई है।
यूपी में मानसून की एंट्री (AI Image)
चार साल बाद तय समय पर मानसून की एंट्री
मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने यूपी में मानसून की एंट्री की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में अब झमाझम बारिश का दौर शुरू होगा। मौसम विभाग की मानें तो मानसून ने यूपी में चार साल बाद तय समय पर एंट्री ली है। मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के सीनियर साइंटिस्ट अतुल कुमार सिंह ने बताया कि यूपी के 30 से अधिक जिलों में मानसून सक्रिय रहेगा। इन जिलों में भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।
कल इन जिलों में IMD ने जारी किया बारिश का अलर्ट
यूपी में मानसून की एंट्री के बाद आईएमडी ने प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही, गाजीपुर, बलिया, देवरिया, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर और श्रावस्ती में भारी बारिश होने की संभावना जताई है। इसके अलावा प्रयागराज, सोनभद्र, वाराणसी, चंदौली, मिर्जापुर, भदोही, गाजीपुर, आजमगढ़, जौनपुर, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, महाराजगंज, कुशीनगर, सिद्धार्थनगर, गोंडा, श्रावस्ती, बलरामपुर, में गरज-चमक के साथ बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
