उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में शुक्रवार को मनरेगा मजदूरों पर आकाशीय बिजली गिर गई। जिससे दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे में एक मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं तहसीलदार सुशील कुमार घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंच गए। इसके अलावा कानूनगो अनिवेल, लेखपाल गौरव और प्रधान शिवराज सिंह भी मौके पर घटनास्थल पहुंच गए।
बिजली की चपेट में आए दो मजदूरों की मौत
काम पर जाते समय गिरी बिजली
यह मामला फिरोजाबाद के थाना नसीरपुर क्षेत्र के गांव कुतकपुर का है। बताया जा रहा है कि शुक्रवार सुबह एक ही गांव के 15 मनरेगा मजदूर एक साथ काम के लिए निकले थे। इसी दौरान आंधी के साथ बारिश शुरू हो गई। इस बीच आकाशीय बिजली गरने से तीन मजूदर इसकी चपेट में आ गए। जिनमें से दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और एक मजदूर घायल हो गया।
हादसे में मृतकों की पहचान
मृतकों की पहचान 35 वर्षीय विष्णु पुत्र रामस्वरूप और 35 वर्षीय सत्येंद्र सैलानी पुत्र घमंडी के रूप में हुई है। वहीं देवेंद्र पुत्र वीरेंद्र को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की जानकारी होते ही पूरे गांव में कोहराम मच गया।मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं मौके पर ग्रामीणों की भीड़ भी जमा हो गई।
मृतकों के परिजनों की हर संभव मदद की जाएगी- तहसीलदार
इस घटना की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने पूछताछ के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। वहीं, घायल को अस्पताल में भर्ती कराया है। तहसीलदार सुशील कुमार ने बताया कि उन्हें आकाशीय बिजली गिरने से दो मनरेगा मजदूरों की मौत की खबर मिली थी। जिसकी जांच करने के लिए वे आए हैं। उन्होंने कहा कि जो भी सरकारी मदद होगी, वह मृतकों के परिजनों के लिए की जाएगी।
