Bulandshahr News: उत्तर प्रदेश में एक सत्संग भवन के एक सेवादार को दो रेप के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया है। सेवादार पर दो नाबालिग लड़कियों के साथ दुष्कर्म करने का आरोप है। मामला बुलंदशहर का है, जहां आरोपी पर दो मासूमों के साथ रेप का आरोप है। जानकारी के अनुसार एक किशोरी के गर्भवती होने पर मामले का खुलासा हुआ। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी से पूछताछ कि जिसमें सेवादार ने अपना जुर्म कुबूल किया।
सेवादार पर नाबालिग लड़कियों से रेप का आरोप
मामले को लेकर अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) शंकर प्रसाद ने बताया कि पीड़िताओं के परिजनों की शिकायत पर स्याना कोतवाली क्षेत्र में स्थित एक सत्संग भवन के सेवादार मोहन लाल (75) को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि दोनों पीड़िताओं की उम्र 13 साल है और वे एक ही गांव की रहने वाली हैं। प्रसाद ने बताया कि दोनों को चिकित्सीय परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।
किशोरी के गर्भवती होने पर मामले का खुलासा
पुलिस के मुताबिक, ‘‘एक किशोरी के गर्भवती होने पर मामले का खुलासा हुआ। किशोरी ने परिजन को बताया कि सत्संग भवन के सेवादार ने उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया है।’’ उसने बताया कि सेवादार पर उसी गांव की एक अन्य किशोरी के साथ भी दुष्कर्म करने का आरोप है। अपर पुलिस अधीक्षक प्रसाद के मुताबिक, ‘‘आरोपी ने पुलिस की पूछताछ में अपना जुर्म कुबूल कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।’’
(इनपुट-भाषा)
